शीतघात से बचाने के लिए निगम कर रहा है प्रयास
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। नगर निगम अजमेर द्वारा जन समुदाय को शीतलहर (शीतघात) मौसम के प्रकोप से बचाने के लिए राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत अजमेर शहर में फुटपाथ एवं खुले में सोने वाले, आश्रय विहीन, बेसहारा एवं बेसहारा परिवारों के लिये शहर में वर्तमान में 6 आश्रय स्थल (रैन बसेरे) संचालित है। सभी आश्रय स्थलों में निराश्रित, बेसहारा एवं आश्रयविहिन व्यक्तियों के लिये आवश्यक सभी सुविधायें पानी, बिजली, पलंग, गद्दे, रजाई, सर्द मौसम में नहाने के लिए गर्म पानी एवं अलाव के लिए लकडी की व्यवस्था, मनोरंजन के लिए टीवी एवं समाचार पत्र आदि की व्यवस्था निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
निगम द्वारा सर्द ऋतु में रात्रि के समय निगम वाहन एवं कार्मिकों के माध्यम से अजमेर शहर में खुले में सो रहे व्यक्तियों को नजदीकी आश्रय स्थल में शिफ्ट किया जा रहा है। साथ ही आमजन एवं आश्रयविहिन व्यक्तियों को आश्रय स्थलों की जानकारी हेतु बस स्टेण्ड, रेल्वे स्टेशन एवं शहर के मुख्य चौराहों पर होर्डिंग एवं बैनर लगाये गये है साथ ही ई-रिक्शे के माध्यम से ओडियो पब्लिसिटी, मुख्य अखबारों मे प्रेस नोट के माध्यम से जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही जन प्रतिनिधियो, स्वंय सेवी संस्थाओ, धार्मिक संस्थाओ, ट्रस्ट एवं जन सेवा मे तत्पर जागरूक नागरिको से अपील है कि वे शहर में फुटपाथ एवं खुले में सोने वाले, आश्रय विहीन एवं बेसहारा परिवारो के लिए दीनदयाल अन्त्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन नगर निगम द्वारा संचालित निःशुल्क आश्रय स्थलो में भिजवाने में अपना सहयोग एवं मदद कर जनसेवा के इस कार्य में अपना योगदान देवे।

0 टिप्पणियाँ