अजयमेरु प्रेस क्लब के इफ्तार में दिखी गंगा-जमुनी तहजीब
सौहार्द और कौमी एकता का दिया संदेश
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। अजयमेरु प्रेस क्लब द्वारा शुक्रवार को आयोजित रोज़ा-इफ्तार कार्यक्रम सौहार्द और कौमी एकता का संदेश देते हुए संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न समुदायों—हिन्दू, मुस्लिम, सिख, सिंधी, जैन और ईसाई समाज के बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। उपस्थित अतिथियों का स्वागत प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ. रमेश अग्रवाल तथा क्लब के पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत उद्बोधन से हुई। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष डॉ. रमेश अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में देश के हालात ऐसे हैं कि कई लोग गलत को गलत कहने का साहस भी नहीं जुटा पा रहे हैं, लेकिन डर का यह माहौल अधिक समय तक कायम नहीं रह सकता। उन्होंने कहा कि समाज में आपसी विश्वास और भाईचारे को मजबूत बनाने के लिए ऐसे आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं।
दरगाह से जुड़ी प्रमुख संस्था अंजुमन मोईनिया सैयद जादगान के पूर्व सदर सैयद गुलाम किबरिया ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन कौमी एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत विविधताओं वाला देश है और आपसी प्रेम व भाईचारे की परंपरा ही इसकी सबसे बड़ी ताकत है।
अंजुमन के पूर्व सचिव सैयद वाहिद हुसैन चिश्ती (अंगारा शाह) ने कहा कि रोजेदारों का रोज़ा खुलवाना इस्लाम में एक पुण्य का कार्य माना गया है। रोज़ेदार और रोज़ा खुलवाने वाले दोनों को इसका सवाब मिलता है। उन्होंने कहा कि अजयमेरु प्रेस क्लब द्वारा हर वर्ष आयोजित किया जाने वाला यह कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देता है और विभिन्न समुदायों को एक मंच पर लाने का कार्य करता है।
कार्यक्रम में मौजूद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खान मोहम्मद ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी विश्वास को बढ़ाते हैं और भय के वातावरण को समाप्त करने में सहायक होते हैं।
इस अवसर पर फादर इलियास, गुरुद्वारा अलवर गेट के ग्रंथी अमरजीत सिंह एवं पूर्व प्रधान दिलबाग सिंह, गायत्री परिवार के दिनेश गोयल साहब, बुद्धिस्ट प्रतिनिधि प्रेम प्रकाश उमरवाल, बी एस ज्योतियाना तथा प्रकाश जैन सहित कई गणमान्य नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इफ्तार कार्यक्रम में शकील अहमद, एडवोकेट इकबाल चिश्ती, एडवोकेट शफीकुर रहमान, सरवर सिद्दीकी, शनीफ भाई, मोहम्मद अहमद खान, डॉक्टर लाल थदानी, अफशान चिश्ती सहित बड़ी संख्या में रोजेदार, शहर के प्रमुख नागरिक तथा प्रेस क्लब के सदस्य मौजूद थे।
कार्यक्रम के अंत में अंजुमन सैयद जादगान की ओर से सैयद गुलाम किबरिया और सैयद वाहिद हुसैन अंगारा शाह ने डॉ. रमेश अग्रवाल का शॉल ओढ़ाकर तथा दस्तारबंदी कर सम्मान किया।
यह इफ्तार कार्यक्रम आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और कौमी एकता का संदेश देने वाला रहा।



0 टिप्पणियाँ