हिट एण्ड रन पीड़ितों के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करें
जिला स्तरीय समिति की बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ने दिए निर्देश
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। अतिरिक्त जिला कलक्टर वंदना खोरवाल की अध्यक्षता में हिट एण्ड रन पीड़ित प्रतिकर निधि योजना की जिला स्तरीय समिति की बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित हुई। बैठक में हिट एण्ड रन दुर्घटनाओं से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण सहित पीड़ित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त जिला कलक्टर खोरवाल ने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय से प्राप्त निर्देशों की पालना सुनिश्चित करते हुए अज्ञात वाहन से हुई दुर्घटना में मृत्यु के प्रकरणों में क्लेम का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। पुराने प्रकरणों की भी नियमित समीक्षा कर ऐसे मामलों में, जिनमें अभियोजन पक्ष द्वारा क्लेम के लिए रुचि नहीं ली जा रही है, नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि यदि पुराने प्रकरण में अभियोजन पक्ष द्वारा क्लेम के लिए आवेदन प्रस्तुत किया जाता है तो मियाद संबंधी रियायत के लिए आवश्यक आवेदन प्राप्त कर नियमानुसार क्लेम का निस्तारण किया जाए। विशेष परिस्थितियों में मुआवजा नहीं दिए जाने वाले लंबित प्रकरणों पर समिति द्वारा विचार-विमर्श कर उचित निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अज्ञात वाहन से दुर्घटना में मृत्यु होने पर पात्र प्रकरण में इंश्योरेंस कम्पनी द्वारा 3 लाख रुपये तक की राशि प्रदान की जाती है। इसके साथ ही राज्य सरकार द्वारा संचालित योजना के अंतर्गत पात्र प्रार्थी को 2 लाख रुपये की सहायता भी उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने इन योजनाओं के संबंध में आमजन को अधिकाधिक जागरूक करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र पीड़ित परिवार समय पर लाभ प्राप्त कर सकें।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने कहा कि समिति की बैठकें निर्धारित समय पर नियमित रूप से आयोजित की जाएं तथा प्राप्त आवेदन पत्रों में से अधिकतम प्रकरणों का निस्तारण मानवीय दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए नियमानुसार किया जाए। हिट एण्ड रन दुर्घटनाओं के पीड़ित पक्ष को पात्रतानुसार शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती समय जीवन रक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। ऐसे समय में प्रत्येक व्यक्ति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए गुड सेमेटेरियन बनकर घायल व्यक्ति की सहायता कर जीवन बचाने का प्रयास करे। गुड सेमेटेरियन को प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित भी किया जाता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी आमजन तक पहुंचाने तथा प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से भेजने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला परिवहन अधिकारी राजीव शर्मा, यातायात वृत्ताधिकारी अंजु यादव, अतिरिक्त मुख्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामलाल, ब्लॉक से तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार तथा राजस्थान सड़क सुरक्षा सोसायटी के सदस्य उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ