अतिरिक्त जिला कलक्टर ने ग्राम बीर में लगाई रात्रि चौपाल
अधिकारियों को दिए आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। अतिरिक्त जिला कलक्टर ज्योति ककवानी की अध्यक्षता में शनिवार को ग्राम बीर में रात्रि चौपाल आयोजित की गई। इस दौरान ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एवं माननीय मुख्यमंत्री की भावना के अनुरूप आमजन की परिवेदनाओं का संवेदनशीलता के साथ त्वरित निस्तारण कर उन्हें राहत पहुंचाई जाए। रात्रि चौपाल के दौरान कुल 26 परिवाद प्राप्त हुए।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने कहा कि प्राप्त प्रत्येक परिवेदनाओं को गंभीरता से लेकर प्राथमिकता के साथ निस्तारित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, विद्युत, राजस्व प्रकरण, अतिक्रमण, नामांतरण सहित विभिन्न समस्याएं रखीं। मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर घुमंतू जाति पहचान पत्रों का वितरण किया गया तथा लाभार्थियों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड भी प्रदान किए गए।
रात्रि चौपाल में उपखंड अधिकारी गरिमा नरूला, तहसीलदार ओम सिंह लखावत, सरपंच प्रतिनिधि श्री मुराद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ