अजमेर। जिला कलेक्टर विश्व मोहन शर्मा ने सिलिकॉसिस मरीजों की स्क्रीनिंग के संबंध में चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे ऎसे मरीजों के लिए ब्यावर में शिविर लगाकर स्क्रीनिंग करें।
जिला कलेक्टर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सिलिकॉसिस प्रकरणों के संबंध में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जवाजा, मसूदा एवं पीसांगन क्षेत्र के सिलिकॉसिस पीड़ित जिन्होंने पंजीयन कराया है, उनकी स्क्रीनिंग एवं मेडिकल बोर्ड द्वारा जांच की जानी है। इसके लिए ब्यावर में शिविर लगाकर ऎसे मरीजों की स्क्रीनिंग प्रतिदिन की जाए। इसके लिए उपखण्ड अधिकारी से सम्पर्क कर मरीजों को लाने ले जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिला कलेक्टर ने कहा कि ऎसे मरीजों की मेडिकल बोर्ड द्वारा जांच का कार्य भी सप्ताह में तीन दिन आवश्यक रूप से किया जाए। उन्होंने समस्त कार्य टीम वर्क से करने तथा पैण्डिंग कम से कम किए जाने के निर्देश दिए साथ ही कहा कि साप्ताहिक रूप से किए गए कार्य की रिपोर्ट भी कलेक्ट्रेट कार्यालय को भिजवायी जाए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर हीरालाल मीणा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ अधिकारी डॉ. के.के.सोनी सहित श्रम एवं क्षय रोग नियंत्रण विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।
0 टिप्पणियाँ