जिला कलक्टर ने जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का किया शुभारंभ
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिला कलक्टर लोकबंधु ने रविवार को संभाग के प्रमुख स्वास्थ्य संस्थान जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय का निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं का विस्तार से जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता एवं जन-जागरूकता से संबंधित कार्यक्रमों का शुभारंभ किया तथा परिसर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं रोगी-अनुकूल बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर द्वारा जवाहर नेहरू मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस, पैरामेडिकल, नर्सिंग स्कूल एवं नर्सिंग कॉलेज के कुल 127 छात्र-छात्राओं द्वारा कैजुअल्टी परिसर में तैयार की गई 45 जन-जागरूकता वॉल पेंटिंग्स का उद्घाटन किया गया। इन पेंटिंग्स के माध्यम से आमजन को स्वच्छता के महत्व, संक्रामक एवं गैर-संक्रामक रोगों से बचाव, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, ह्यूमनाइजेशन ऑफ हेल्थ केयर तथा पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी को सरल एवं प्रभावी चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
वॉल पेंटिंग्स में राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना, आयुष्मान भारत योजना, निरोगी राजस्थान अभियान, गुड सेमेरिटन योजना, टीकाकरण अभियान एवं अन्य स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी को भी प्रमुखता से दर्शाया गया है। इससे मरीजों एवं उनके परिजनों में इन योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ सकेगी।
जिला कलक्टर लोकबंधु ने कैजुअल्टी, ओपीडी, मेडिसिन विभाग एवं स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत निर्मित आइसोलेशन ब्लॉक का निरीक्षण किया। उन्होंने दवाइयों की उपलब्धता, मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना की स्थिति, चिकित्सा उपकरणों, बेड की उपलब्धता तथा स्टाफ की कार्यप्रणाली की जानकारी ली और आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल परिसर में नियमित एवं प्रभावी स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा मरीजों को समय पर, सुचारु एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने मौसमी एवं संक्रामक बीमारियों पर सतत निगरानी रखने तथा किसी भी मरीज को उपचार के दौरान अनावश्यक प्रतीक्षा या असुविधा नहीं हो इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर निगम के आयुक्त देशल दान, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल सामरिया, अस्पताल अधीक्षक डॉ. अरविंद खरे सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी एवं नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ