राज्य सरकार के दो वर्ष : स्वच्छता जागरूकता एवं श्रमदान कार्यक्रम हुए आयोजित
जिला कलक्टर सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारियों ने श्रमदान कर लिया स्वच्छता का संकल्प
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। राज्य सरकार के 2 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अजमेर संभाग के सबसे बड़े जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में स्वच्छता, नागरिक सहभागिता एवं जन जागरूकता अभियान के तहत नव उत्थान, नई पहचान, बढ़ता राजस्थान, हमारा राजस्थान थीम पर रविवार को जिला प्रशासन, नगर निगम एवं जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय के समंवय से विभिन्न स्वच्छता आधारित गतिविधियां आयोजित की गई। इनमें स्वच्छता आधारित रैली, साफ- सफाई, रंगोली चूना एंव लाइनिंग इत्यादि प्रमुख रहे।
जिला कलक्टर लोकबंधु द्वारा स्वच्छता आधारित शपथ दिलाई गई। इसके पश्चात स्वच्छता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसमें नगर निगम की फायर टीम, होमगार्ड जवान एवं एनसीसी एनएसएस सहित स्कूलों की टीमों ने भाग लिया।
जिला कलक्टर ने सभी आगंतुकों के साथ जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय प्रांगण में श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखें तथा अनावश्यक रूप से गंदगी नहीं फैलाएं। इस अवसर पर नगर परिषद आयुक्त श्री देशल दान ने बताया कि स्वच्छता जागरूकता एवं श्रमदान कार्यक्रम के तहत शहरी क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, मार्केट परिसरों की सफाई इत्यादि कार्य किए जा रहे हैं। इस अवसर पर सहित नगर निगम कार्मिक उपस्थित रहे।
श्रमदान अभियान में करीब 19.5 टन कचरा उठाया गया। इसके लिए 2 जेसीबी, 4 डंपर, 6 ट्रैक्टरों आदि के माध्यम से जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय के कार्डियोलॉजी मोर्चरी, इमरजेंसी आदि विभिन्न विभागों से कचरा उठाकर साफ सफाई कर चूना व लाइनिंग की गई। जवाहरलाल नेहरू के विभिन्न पार्कों के पेड़ों की छटाई, झाड़ियां आदि की भी निगम टीम द्वारा साफ सफाई की गई। अंत में नर्सिंग कर्मियों द्वारा स्वच्छता आधारित वॉल पेंटिंग एवं निगम कर्मियों द्वारा जगह-जगह रंगोली बनाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
इस अवसर पर उपमहापौर नीरज जैन, नगर निगम आयुक्त देशल दान, उपायुक्त अनीता चौधरी एवं कीर्ति कुमावत के साथ अन्य सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. अनिल सांवरिया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्सना रंगा, अधीक्षक डॉ. अरविंद खरे एवं उप अधीक्षक डॉ. अमित यादव सहित समस्त अधिकारी, कर्मचारी, नर्सिंगकर्मी, जेएलएन चिकित्सालय कॉलेज के स्टूडेंट आदि मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ