जेएलएन अस्पताल बना आमजन के विश्वास का केन्द्र : देवनानी
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सुदृढ़ हो रही देश की स्वास्थ्य सेवाएं : चौधरी
जेएलएन अस्पताल में 4.5 करोड़ से अधिक लागत के अत्याधुनिक उपकरणों का लोकार्पण
फाइब्रो स्कैन मशीन से मिलेगी लीवर के हजारों रोगियों को राहत
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। संभाग के सबसे बड़े राजकीय जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में बुधवार को स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी एवं केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने यहां लगभग 4.5 करोड़ रुपये से अधिक लागत के अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों का लोकार्पण किया। इनमें 3.6 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित छह नई एक्स-रे मशीनें तथा 89.6 लाख रुपये की लागत से स्थापित आधुनिक फाइब्रोस्कैन मशीन शामिल है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि जेएलएन अस्पताल आज “हर मर्ज का इलाज” बनकर आमजन के विश्वास का केन्द्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि चिकित्सालय निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है, इससे पूरे संभाग से आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं मिल रही हैं। आधुनिक उपकरणों के जुड़ने से मरीजों को त्वरित एवं सटीक जांच सुविधा उपलब्ध होगी, इससे उपचार प्रक्रिया अधिक प्रभावी और समयबद्ध बनेगी।
उन्होंने विशेष रूप से आपातकालीन कक्ष में स्थापित एक्स-रे मशीनों का उल्लेख करते हुए कहा कि गंभीर मरीजों की तत्काल जांच संभव होने से उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। साथ ही फाइब्रोस्कैन मशीन के माध्यम से लीवर संबंधी रोगों की जांच अब अत्यंत सरल, सुरक्षित एवं सटीक तरीके से की जा सकेगी, जिससे उपचार प्रक्रिया और अधिक प्रभावी बनेगी। आधुनिक चिकित्सा उपकरणों के माध्यम से आमजन को राहत मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित होगा। यहां 300 करोड़ रूपए की लागत से विकास हो रहा है। यहां सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक भी बनने जा रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की स्वास्थ्य सेवाएं निरंतर सशक्त हो रही हैं। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा चिकित्सा क्षेत्र में किए जा रहे निवेश और नवाचारों के परिणामस्वरूप आमजन को उच्च गुणवत्ता की स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ हो रही हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता से न केवल बड़े शहरों बल्कि संभागीय स्तर पर भी बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित हो रही हैं।
चौधरी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इसी दिशा में जेएलएन अस्पताल में नई तकनीकों एवं सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों से अपेक्षा की कि वे इन सुविधाओं का अधिकतम उपयोग करते हुए मरीजों को बेहतर सेवा प्रदान करें। उन्होंने कहा कि डॉक्टर को भगवान के बाद सबसे अहम दर्जा प्राप्त है। आप आमजन की सेवा करें। कार्यक्रम को शहर जिला अध्यक्ष श्री रमेश सोनी ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल सामारिया ने बताया कि नई एक्स-रे मशीनों के शुरू होने से मरीजों को जांच के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वहीं फाइब्रोस्कैन मशीन के माध्यम से लीवर की जांच बिना किसी दर्द या जटिल प्रक्रिया के संभव होगी, जिससे मरीजों को काफी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर अस्पताल अधीक्षक डॉ. अरविन्द खरे, गेस्ट्रोलोजी विभागाध्यक्ष डॉ. एम.पी. शर्मा सहित रेडियोलोजी विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ चिकित्सकगण, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।


0 टिप्पणियाँ