खेलों के माध्यम से युवा पीढ़ी करे नए भारत का निर्माणव : लायन पाटनी
रहिमांशी, लक्ष्य एवं भव्या सहित युवा शूटर्स ने जीते पदक, शिवांश व नम्रता बने लिटिल चौंपियन
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। लायंस क्लब इंटरनेशनल 3233 के पूर्व संभागीय अध्यक्ष एवं समाजसेवी ’’लायन अतुल पाटनी’’ ने युवा पीढ़ी का आह्वान करते हुए कहा कि हमारा देश तेजी से विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में आज की युवा पीढ़ी खेलों के माध्यम से नए भारत के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे।
लोहागल रोड स्थित ’’करणी शूटिंग एंड एडवेंचर अकादमी’’ में आयोजित तीन दिवसीय ’’जिला राइफल शूटिंग चौंपियनशिप’’ के समापन समारोह के मुख्य अतिथि लायन अतुल पाटनी ने विजेता शूटर्स को पुरस्कार वितरित करते हुए कहा कि खेलों के मैदान सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर होते हैं, जहाँ युवा पीढ़ी स्वस्थ भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
समारोह की अध्यक्षता कर रहीं ’’दिगंबर जैन महासमिति, अजमेर संभाग’’ की अध्यक्ष ’’श्रीमती मधु पाटनी’’, जिन्होंने 143 निर्धन कन्याओं के विवाह में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, ने कहा कि वर्तमान समय में खेल जीवन का अभिन्न अंग बन चुके हैं। ऐसे में खिलाड़ियों को यहाँ उपलब्ध अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं का लाभ उठाते हुए एकाग्रता, धैर्य और निरंतर अभ्यास के साथ अपने जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त करना चाहिए।
इससे पूर्व आयोजन समिति के सचिव एवं अकादमी के निदेशक ’’हिम्मत सिंह राठौड़’’ ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा स्मृति-चिह्न भेंट किए। समारोह में जिला संगठन के उपाध्यक्ष ’’हीरालाल चौधरी’’, सचिव ’’वाहिद खान’’ सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ’’कॉमन कॉज सोसाइटी, अजमेर’’ के महासचिव एवं भारतीय बास्केटबॉल टीम के पूर्व सदस्य ’’विनीत लोहिया’’ ने किया। उन्होंने अपने खेल जीवन के अनुभव साझा करते हुए युवा पीढ़ी को कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास से सफलता अर्जित करने का संदेश दिया।
आयोजन सचिव ’’हिम्मत सिंह राठौड़’’ ने बताया कि तीन दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। ’’10 मीटर राइफल पीप साइट (एनआर)’’ प्रतियोगिता के सीनियर पुरुष वर्ग में ’’तनिष शिवस्य’’ ने स्वर्ण, ’’सैयद जर्रार’’ ने रजत तथा ’’कमलेश कुमावत’’ ने कांस्य पदक जीता। जूनियर पुरुष वर्ग में ’’करणी सिंह’’, यूथ पुरुष वर्ग में ’’मन्नू चौधरी’’, यूथ महिला वर्ग में ’’सौम्या सिंह’’, मास्टर पुरुष वर्ग में ’’सैय्यद अबुल हसन’’ तथा मास्टर महिला वर्ग में ’’बर्नाडिन लोबो’’ ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
’’10 मीटर एयर पिस्टल (एनआर)’’ प्रतियोगिता के सीनियर पुरुष वर्ग में ’’दिनेश जाट’’, सीनियर महिला वर्ग में ’’सिमरन शर्मा’’, जूनियर पुरुष वर्ग में ’’कार्तिक मुच्छल’’, जूनियर महिला वर्ग में ’’साक्षी राठौड़’’, यूथ पुरुष वर्ग में ’’गर्वित कश्यप’’, यूथ महिला वर्ग में ’’हिमांशी’’, सब-यूथ पुरुष वर्ग में ’’लक्ष्य सिंह राठौड़’’, सब-यूथ महिला वर्ग में ’’भव्या’’, मास्टर पुरुष वर्ग में ’’कमल कुमार’’, अंडर-10 पुरुष वर्ग में ’’गुरुरत सिंह’’, अंडर-10 महिला वर्ग में ’’रुद्रप्रिया’’, लिटिल चौंपियन पुरुष वर्ग में ’’शिवांश यादव’’ तथा लिटिल चौंपियन महिला वर्ग में ’’नम्रता चौधरी’’ ने स्वर्ण पदक जीते। इन वर्गों में रजत एवं कांस्य पदकों के लिए भी खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
’’10 मीटर ओपन साइट राइफल (एनआर)’’ प्रतियोगिता में यूथ पुरुष वर्ग में ’’अनंत राठी’’, यूथ महिला वर्ग में ’’गंगा देवी’’, लिटिल चौंपियन पुरुष वर्ग में ’’दक्ष जोशी’’ तथा लिटिल चौंपियन महिला वर्ग में ’’लक्षिता कालोठ’’ ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में उभरते निशानेबाजों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन समिति ने सभी विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। प्रतियोगिता में युवा खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने यह संकेत दिया कि अजमेर में शूटिंग खेल के प्रति युवाओं का रुझान लगातार बढ़ रहा है और आने वाले समय में जिले से राष्ट्रीय स्तर के कई खिलाड़ी तैयार होने की उम्मीद है।

0 टिप्पणियाँ