राज्य सरकार के दो वर्ष : आरोग्य शिविरों का जिलेभर में हुआ आयोजन
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में सोमवार को जिलेभर में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर आरोग्य शिविरों का आयोजन किया गया। इस क्रम में जिले के 472 चिकित्सा संस्थानों पर आरोग्य शिविर आयोजित किए गए। जिला स्तरीय आरोग्य कैंप एवं रक्तदान शिविर का आयोजन शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंचशील में किया गया। शिविर का अवलोकन देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना एवं जिला कलक्टर लोकबंधु द्वारा किया गया।
समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आरोग्य शिविर के साथ-साथ रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना द्वारा रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना, भाजपा शहर अध्यक्ष रमेश सोनी एवं उप महापौर नीरज जैन द्वारा किया गया। जिला कलक्टर ने शिविर में स्थापित सभी काउंटरों का विस्तारपूर्वक निरीक्षण करते हुए दवा वितरण केंद्र का अवलोकन किया तथा निर्देश दिए कि राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की सभी सुविधाएँ समयबद्ध रूप से आम जनता तक पहुँचाई जाएँ एवं प्रगति की रिपोर्ट समय पर उच्च अधिकारियों को प्रेषित की जाए।
रक्तदान शिविर में उप महापौर नीरज जैन द्वारा स्वयं रक्तदान किया गया। इसके साथ ही जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल सामरिया, अधीक्षक डॉ. अरविन्द खरे, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पंचशील के प्रभारी डॉ. सौरभ बागड़ा सहित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अनेक चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने रक्तदान कर जनसेवा का संदेश दिया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्स्ना रंगा ने बताया कि आरोग्य शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आम नागरिकों की निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच की गई। शिविर में सामान्य चिकित्सा, महिला एवं बाल स्वास्थ्य, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, नेत्र परीक्षण सहित विभिन्न रोगों की जाँच की गई तथा आवश्यकता अनुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। साथ ही चिकित्सकों द्वारा रोगियों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए गए।
रक्तदान शिविर में युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। बड़ी संख्या में रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन रक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। शिविर के दौरान उपस्थित नागरिकों को रक्तदान के महत्व एवं इसके सामाजिक लाभों की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर शहर महामंत्री एवं जिला संयोजक राजेश शर्मा, जिला मंत्री एवं उत्तर विधानसभा संयोजक चंद्रेश सांखला, मंडल अध्यक्ष विक्रम जी एवं रचित जी, पार्षद आतिश, भाजपा जिला उपाध्यक्ष योगेश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, आशा कार्यकर्ता एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ