अजमेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की सीनियर सैकण्डरी के नियमित परीक्षार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाएं 15 जनवरी बुधवार से प्रारंभ होंगी। यह प्रायोगिक परीक्षाएं 14 फरवरी तक चलेगी। स्वयंपाठी परीक्षार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाएं 11 फरवरी से 14 फरवरी तक होंगी। इन विद्यार्थियों को परीक्षा की सूचना उनके आवेदन में दर्ज पते पर भिजवाई जाएगी। बोर्ड ने प्रायोगिक परीक्षाओं के लिए बोर्ड कार्यालय अजमेर में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। इन प्रायोगिक परीक्षाओं में पूरे राज्य में 4,39,860 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे । इनमें विज्ञान वर्ग में 2,37,656 और कला वर्ग में 2,02,204 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा के लिए पूरे राज्य में करीब 8,000 परीक्षक नियुक्त किए हैं। प्रदेश में 35 उड़नदस्ते भी इन परीक्षाओं पर नजर रखेंगे। यह उड़नदस्ते प्रायोगिक परीक्षा के दौरान विद्यालयों में लैब और उनमें उपलब्ध संसाधनों की जांच के अतिरिक्त बोर्ड के केन्द्रीय कन्ट्रोल रूम को प्राप्त शिकायतों पर भी त्वरित कार्यवाही करेंगे। बोर्ड की सचिव मेघना चौधरी ने बताया कि स्कूल में नियत तिथि को अनुपस्थित रहने वाले परीक्षार्थी की परीक्षा उसी परीक्षक द्वारा उसी विद्यालय में लिए जा रहे अन्य बैच में शाला प्रधान की विशेष अनुमति से कराई जा सकेगी। किसी भी स्थिति में अन्य परीक्षक अथवा अन्य विद्यालय में परीक्षा की अनुमति नहीं दी जाएगी तथा परीक्षार्थी को अनुपस्थित मानकर परिणाम जारी कर दिया जाएगा। प्रायोगिक परीक्षा कन्ट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 0145-2620739, 2623646 है।
0 टिप्पणियाँ