अजमेर । प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना तथा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के गेहूं का घर-घर वितरण किया जाएगा।
जिला कलेक्टर विश्व मोहन शर्मा ने बताया कि कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन अवधि के दौरान सामाजिक दूरी, मास्क लगाकर तथा सेनेटाइजर का उपयोग करते हुए उचित मूल्य दुकानों द्वारा लाभार्थियों को घर-घर जाकर खाद्यान्न का वितरण किया जाएगा। वर्तमान में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजनान्तर्गत नियमित मिलने वाले गेहूं के अतिरिक्त प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजनान्तर्गत भी लाभार्थियों को 05 किग्रा गेहूं प्रति व्यक्ति उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से निःशुल्क वितरण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इन दोनों योजनाओं के गेहूं की प्रति व्यक्ति मात्रा 10 किग्रा प्रति माह होती है। अतः कोरोना वायरस लॉकडाउन अवधि के दौरान चयनित समस्त अन्त्योदय, बीपीएल, अन्य पात्र परिवारों या लाभार्थियों को इस आवंटित गेहू का निःशुल्क नियमानुसार वितरण सुनिश्चित किया गया है। इसके लिए लॉकडाउन की इस विषम परिस्थितियों में उचित मूल्य दुकानों की वितरण व्यवस्था पर सुदृढ मॉनिटरिंग एवं निगरानी की व्यवस्था की गई है। प्रवर्तन अधिकारी एवं निरीक्षक अपने कार्य क्षेत्र में प्रतिदिन 8 तथा तहसीलदार, विकास अधिकारी, नायब तहसीलदार अपने क्षेत्र में प्रतिदिन 5-5 उचित मूल्य दुकानों के निरीक्षण करेंगे। उपखण्ड की संपूर्ण निरीक्षण सूचना संकलित कर उपखण्ड अधिकारी रोजाना जिला रसद अधिकारी को भिजवाना सुनिश्चित करेंगे।
0 टिप्पणियाँ