अजमेर में तेल एवं गैस की आपूर्ति सुचारू
जिला कलक्टर ने दी 15 दिवस में सरकारी परिसरों को पीएनजी से जोड़ने के निर्देश
व्यावसायिक आपूर्ति के लिए पीएनजी आवेदन अनिवार्य
जिले में 24 हजार से अधिक घरेलू गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध
पेट्रोल पंपों पर भी 5 दिन का औसत बैकअप
पुष्कर की दिव्या दीप्ति गैस एजेंसी को अनियमितताओं पर दिया नोटिस
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिला कलक्टर लोक बन्धु की अध्यक्षता में गुरुवार को जिले में तेल एवं गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में वर्तमान स्टॉक की स्थिति और पीएनजी कन्वर्जन की प्रगति पर चर्चा करते हुए जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने स्पष्ट किया कि जिले में ईंधन की उपलब्धता पर्याप्त है। उन्होंने निर्देश दिए कि अगले 15 दिवस के भीतर उन सभी सरकारी परिसरों को पीएनजी कनेक्शन से जोड़ने हेतु आवेदन किया जाए, जहाँ वर्तमान में किचन संचालित हो रहे हैं। इस समीक्षा के दौरान जिला रसद अधिकारी (प्रथम व द्वितीय) एवं इन्द्रप्रस्थ गैस (आईजीएल) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जिला कलक्टर ने निर्देशित किया कि पीएनजी कनेक्शन के लिए समस्त व्यावसायिक एवं औद्योगिक उपभोक्ताओं को आवेदन करना चाहिए। पूर्व में पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन करने वाले व्यावसायिक एवं औद्योगिक उपभोक्ताओं को ही कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है। शेष बचे उपभोक्ताओं को भी पीएनजी हेतु आवेदन करने के उपरांत ही कमर्शियल सिलेण्डर सप्लाई सुचारू मिल सकेगी।
जिले में रसोई गैस की वर्तमान स्थिति का ब्यौरा देते हुए जिला रसद अधिकारी मोनिका जाखड़ ने बताया कि गुरूवार को जिले में कुल 24 हजार 298 घरेलू गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है। आज कुल 14 हजार 652 सिलेंडरों की बुकिंग के सापेक्ष 10 हजार 547 सिलेंडरों की सफल डिलीवरी सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने बताया कि रसद विभाग की टीम द्वारा अजमेर शहर के 4 प्रमुख पेट्रोल पंपों का भी सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान पेट्रोल एवं डीजल के स्टॉक, आपूर्ति व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की जांच की गई। निरीक्षण में पाया गया कि सभी पेट्रोल पंपों के पास औसतन 5 दिन का अग्रिम स्टॉक उपलब्ध है, जिससे आमजन को घबराने या पैनिक होने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त, पुष्कर स्थित दिव्या दीप्ति गैस एजेंसी के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों पर रसद विभाग ने त्वरित कार्यवाही की है। विभागीय टीम द्वारा एजेंसी के औचक निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं पाई गईं, जिसके आधार पर एजेंसी संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि उपभोक्ताओं के हितों के साथ खिलवाड़ करने वाली किसी भी एजेंसी के विरुद्ध सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

0 टिप्पणियाँ