नवीन कार्यकारिणी को दिलाई शपथ
35 जरूरतमंद बहनों को राशन किट वितरित
भीलवाड़ा (अजमेर मुस्कान)। लायंस क्लब भीलवाड़ा टेक्सटाइल सिटी के सत्र 2026-27 की नवीन कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह होटल पीएफसी गार्डन में संस्कार एवं सेवा की भावना से ओतप्रोत वातावरण में आयोजित किया गया।
डिस्ट्रिक्ट चीफ मीडिया कॉर्डिनेटर लायन राजेंद्र गांधी ने बताया कि समारोह में पदस्थापना अधिकारी लायन श्यामसुंदर मंत्री ने नव निर्वाचित अध्यक्ष लायन सत्यनारायण मंत्री, सचिव लायन प्रकाश जोशी, कोषाध्यक्ष लायन रमेश काकरवाल सहित क्लब की नवीन कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों को संस्कार विधि से भारत माता एवं राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा के पूजन एवं कलश स्थापना के साथ अपनी विशिष्ट एवं प्रेरणादायी शैली में शपथ दिलाई। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को पूरे वर्ष संस्कार, सेवा, समर्पण एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति पूर्ण निष्ठा से कार्य करने का संकल्प कराया ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन निशांत जैन थे । विशिष्ट अतिथियों के रूप में लायन दिलीप तोषनीवाल, संभागीय अध्यक्ष लायन पवन पवार एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष लायन कैलाश काबरा उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त विभिन्न लायंस क्लबों से पधारे पदाधिकारी, क्लब के सदस्य, विशिष्ट अतिथि एवं शहर के अनेक गणमान्य नागरिक समारोह में उपस्थित रहे। शपथ ग्रहण समारोह के साथ क्लब द्वारा सामाजिक सरोकार निभाते हुए 35 विधवा एवं पराश्रित बहनों को एक माह के उपयोग का संपूर्ण राशन किट वितरित किया गया। इस सेवा कार्य की सभी उपस्थित अतिथियों ने सराहना करते हुए क्लब के सेवा कार्यों की प्रशंसा की।
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने नवीन कार्यकारिणी को शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि क्लब आगामी वर्ष में सेवा, संस्कार एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करेगा।इस अवसर पर वर्ष पर्यन्त सेवाकार्य करने वाले सदस्यों का प्रान्तपाल लायन डा़ निशांत जैन ने डिस्ट्रिक पिन लगाकर सम्मानित किया । कार्यक्रम के अंत में क्लब के पूर्व अध्यक्ष लॉयन अनिल गग्गड़ ने सभी अतिथियों एवं आगंतुकों का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए समारोह को सफल बनाने में सहयोगी सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

0 टिप्पणियाँ