अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिले में बाल विवाह की प्रभावी रोकथाम किए जाने के लिए विभिन्न गतिविधियां, जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि बाल विवाहों की प्रभावी रोकथाम किए जाने के लिए उप मुख्यमंत्री द्वारा 29 अप्रैल को बाल विवाह मुक्त राजस्थान अभियान का शुभारंभ किया गया था। बाल विवाह की रोकथाम के लिए आमजन में समग्र व्यवहार परिवर्तन, जन-जागरूकता, सामुदायिक भागीदारी एवं विधिक प्रवर्तन के माध्यम से अभियान की सफलता के लिए जिले के समस्त ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर विभागीय समन्वय के साथ विशिष्ट दिवसों, पर्व-त्योहारों पर निर्धारित गतिविधियों के आयोजन किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को शपथ समारोह एवं बाल अधिकार रैली का आयोजन होगा। सितम्बर में राष्ट्रीय पोषण माह के अन्तर्गत किशोरी पोषण, स्वास्थ्य, विवाह और मातृत्व पर संवाद में किशोरियों के पोषण और स्वास्थ्य पर बाल विवाह के प्रभाव पर चर्चा होगी। नो बैग डे पर विद्यालय स्तर की गतिविधियां भी होंगी। भविष्य के स्वयं को संबोधित पत्र लेखन, बाल विवाह पर निबंध प्रतियोगिता, बाल विवाह पर वॉल पेंटिंग तथा बाल विवाह पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया जाएगा। 2 अक्टूबर को विशेष ग्राम सभा में महिला सशक्तिकरण और बाल विवाह के विरुद्ध जन संवाद, बेटियों की शिक्षा व विवाह की सही उम्र पर संदेश परक चर्चा होगी। नवरात्रि और दुर्गा पूजा पर बेटी बचाओ थीम पर सांस्कृतिक संवाद के अन्तर्गत बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए मैराथन का आयोजन रखा गया है।
0 टिप्पणियाँ