अजमेर (अजमेर मुस्कान)। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में स्वाधीनता आंदोलन पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिला कलक्टर लोक बन्धु ने फीता काटकर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। साथ ही प्रदर्शित सामग्री का अवलोकन करते हुए संबंधित जानकारी पर चर्चा की।
इस प्रदर्शनी में विरासत के रूप में संजोए गए स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र, उनके जीवन से जुड़े लेख, उस दौर की घटनाओं का विवरण और भारत की आज़ादी से जुड़े साक्ष्य प्रदर्शित किए गए। प्रदर्शनी में रखी गई तस्वीरें उस समय की ऎतिहासिक गाथा को जीवंत रूप में प्रस्तुत कर रही थीं। इसके साथ ही एनसीसी द्वारा आईएनएस युद्ध प्रशिक्षण पोत का मॉडल भी प्रदर्शित किया गया। इसने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
जिला कलक्टर लोक बन्धु ने बताया कि जिले में हर घर तिरंगा अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसमें भवनों पर पेंटिंग्स, विभिन्न प्रतियोगिताएं, रैलियां, मेले, सेल्फी कैंपेन सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने स्वयं भी तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड की और आमजन से अपील की कि 13 से 15 अगस्त के बीच सभी अपने-अपने घरों, दुकानों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर तिरंगा फहराएं तथा पोर्टल पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड कर इस राष्ट्रीय अभियान में भागीदारी निभाएं।
इस दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में लगाए गए कैनवास पर हस्ताक्षर कर अभियान में अपनी भागीदारी दर्ज कराई। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर ज्योति ककवानी, नगर निगम की राजस्व अधिकारी नीलू गुर्जर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ