पत्रकार काॅलोनी की समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। पत्रकार कॉलोनी के निवासियों की ओर से बुधवार को कॉलोनी की समस्याओं को लेकर विधानसभा के स्पीकर वासुदेव देवनानी को ज्ञापन सौंपा गया । स्पीकर को सिलसिलेवार सभी समस्याओं के बारे में जानकारी देते हुए शीघ्र समाधान की मांग की ।
शिष्टमंडल में अजयमेरु प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र गुंजल, कोषाध्यक्ष सत्यनारायण जाला और कार्यकारिणी सदस्य अनुराग जैन भी शामिल थे । उन्हें बताया गया कि सीवरेज कनेक्शन, इंद्रप्रस्थ गैस कम्पनी, पानी के कनेक्शन देते समय सभी सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई है, आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं । काॅलोनी के उद्यान की हालत खस्ता हो गई है । ज्यादातर लाइट्स खराब हो गई है । लैम्प पोस्ट भी खराब पड़े हैं । कसरत के लिए स्थापित जिम के उपकरणों का रखरखाव भी जरूरी है ।
पत्रकार काॅलोनी के तीन प्रवेश द्वार में से एक टूट गया है । पत्रकार काॅलोनी के सामने एक विशाल गड्ढा भी बना हुआ है । बरसात के मौसम में इसमें पानी भर जाता है । इस कारण मच्छर पनप जाते हैं और बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है । मांग की गई कि सेवन वंडर्स और शहर का अन्य मलबा डाल कर इस गड्ढे को भर दिया जाए और इस पर उद्यान बनाने की मांग की गई।
पत्रकार काॅलोनी के निवासियों के लिए सामुदायिक भवन निर्माण की मांग भी गई । बताया गया कि पत्रकार काॅलोनी की स्थापना को ढाई दशक से ज्यादा हो गया है । काॅलोनी के निवासियों के परिवार में कोई भी मांगलिक कार्य होने पर सामुदायिक भवन की कमी अखरती है । अतः काॅलोनी के आसपास सामुदायिक भवन के निर्माण की मांग भी की गई ।
पत्रकार कॉलोनी की सड़कों के दोनों तरफ ब्लॉक्स लगाए गए थे । पर पानी के कनेक्शन, गैस पाइपलाइन सीवरेज आदि लगाने के दौरान सभी ब्लाॅक्स उखड़ गए हैं । इन्हें भी सुचारू रूप से लगाने की मांग की गई । पत्रकार कॉलोनी की स्थापना के समय शिलान्यास पत्थर तत्कालीन नगर सुधार न्यास के स्टोर में सुरक्षित रख दिया गया था । ताकि वीरान इलाके में कोई असामाजिक तत्व तोड़फोड़ न कर दे । मांग की गई कि शिलान्यास पत्थर शीध्र कॉलोनी के प्रवेशद्वार पर स्थापित कर दिया जाए ।

0 टिप्पणियाँ