जिला स्तरीय कार्यक्रम में मनाई गई डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती
माल्यार्पण, संविधान की प्रस्तावना की शपथ एवं सम्मान समारोह के साथ आयोजित हुए विविध कार्यक्रम
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में मंगलवार को अजमेर जिला मुख्यालय पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कलेक्ट्रेट स्थित अम्बेडकर सर्किल पर जिला स्तरीय माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत अम्बेडकर सर्किल पर स्थापित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि के साथ हुई। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी एवं केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने मीडिया से संवाद करते हुए बाबा साहब के संविधान निर्माण, सामाजिक न्याय की स्थापना तथा पिछड़े वर्गों के उत्थान में उनके अमूल्य योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के विचार आज भी समाज को समानता और न्याय के मार्ग पर अग्रसर करने के लिए प्रेरित करते हैं।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक जय प्रकाश चारण ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु, माध्यमिक शिक्षा बोर्ड सचिव गजेन्द्र सिंह राठौड़, अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेन्द्र कुमार मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी भाग लेकर बाबा साहब को श्रद्धासुमन अर्पित किए। प्रातःकाल से ही आमजन की बड़ी संख्या अम्बेडकर सर्किल पहुंचकर बाबा साहब को पुष्पांजलि अर्पित करती रही।
इसके पश्चात कलेक्ट्रेट स्थित अटल सेवा केन्द्र में जिला कलक्टर लोक बन्धु की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। यह राज्य स्तरीय कार्यक्रम जयपुर स्थित भवानी निकेतन शिक्षण संस्थान में आयोजित हुआ। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर वंदना खोरवाल एवं नरेन्द्र कुमार मीणा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जिला कलक्टर ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। इसके बाद सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए फाउण्डेशन फियोर दी लोटो इंडिया के अध्यक्ष एवं अजमेर निवासी भवजीत सैनी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक ने सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा साहब के आदर्शों को अपनाकर ही एक समतामूलक और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।

0 टिप्पणियाँ