Ticker

6/recent/ticker-posts

व्यापारी एवं औद्योगिक संगठन जल संरक्षण अभियान में निभाएं सक्रिय भूमिका - जिला कलक्टर

व्यापारी एवं औद्योगिक संगठन जल संरक्षण अभियान में निभाएं सक्रिय भूमिका - जिला कलक्टर

वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 

सीएसआर कार्यशाला का हुआ आयोजन

व्यापारी एवं औद्योगिक संगठन जल संरक्षण अभियान में निभाएं सक्रिय भूमिका - जिला कलक्टर

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र के तत्वावधान में बुधवार को सीएसआर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिला कलक्टर लोक बंधु ने व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों से जल संरक्षण की मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

जिला कलक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के तहत संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान में गतिविधियों को व्यापक जनसहयोग से जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि व्यापारिक संगठन एवं उद्योग समूह रेन वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर के निर्माण, मरम्मत एवं पुनर्संचालन में सहयोग प्रदान करें। साथ ही श्रमदान, पौधारोपण एवं विभिन्न जनभागीदारी आधारित गतिविधियों के माध्यम से जल संरक्षण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाए। 

उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी से अभियान को प्रभावी बनाया जा सकता है। इसके लिए इंफ्रास्ट्रक्चर, मशीनरी, वाटर स्ट्रक्चर्स, प्लांटेशन एवं वॉलंटियर सपोर्ट जैसे क्षेत्रों में सीएसआर के माध्यम से सहयोग प्रदान किया जाए। व्यापारी एवं उद्यमी स्वयं उदाहरण प्रस्तुत कर आमजन को जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करें।

जिला कलक्टर ने औद्योगिक एवं बाजार क्षेत्रों में स्वच्छता एवं जल संरक्षण गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वृक्षारोपण एवं श्रमदान कार्यक्रमों को भी अभियान से जोड़ने को कहा । साथ ही पक्षियों के संरक्षण के लिए पेड़ों पर परिंडे, चुग्गा एवं पानी की व्यवस्था करने की मुहिम चलाने का आह्वान किया।

कार्यशाला में व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव एवं विचार व्यक्त किए। बैठक में पेड़ों को पानी उपलब्ध कराने के लिए टैंकर व्यवस्था में सहयोग, बाजार एवं औद्योगिक क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप जनसहयोग एवं जनभागीदारी के माध्यम से अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाया जाएगा।

कार्यक्रम में जिला कलक्टर श्री लोक बंधु द्वारा उपस्थित सभी अधिकारियों, व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों को वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। 

उन्होंने सभी को दैनिक जीवन में जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने, वर्षा जल संरक्षण को बढ़ावा देने, पारंपरिक जल स्रोतों जैसे कुएं, बावड़ी एवं तालाबों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन में सहयोग करने तथा पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प दिलाया। 

इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामप्रकाश, अजमेर विकास प्राधिकरण के सचिव अनिल पूनिया, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र के महाप्रबंधक धर्मेंद्र शर्मा, शलभ टंडन, व्यापारिक महासंघ के सचिव रमेश लालवानी, भजन सिंह, तनीषा चौधरी सहित विभिन्न उद्यमी, व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि, अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ