जिले के प्रभारी सचिव नीरज के पवन ने ली समीक्षा बैठक
ग्रीष्मकालीन पेयजल, विद्युत आपूर्ति, हीट वेव प्रबंधन एवं बजट घोषणाओं की प्रगति पर दिए प्रभावी निर्देश
जनसुविधाओं में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त : प्रभारी सचिव
बजट घोषणाओं की क्रियान्विति की हुई समीक्षा, प्रभारी सचिव ने अधिकारियों से कहा— परिणाम दिखने चाहिए
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, ग्रीष्मकालीन व्यवस्थाओं तथा बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए जिले के प्रभारी सचिव श्री नीरज के पवन ने सोमवार को जिला स्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, हीट वेव प्रबंधन तथा बजट घोषणाओं की क्रियान्विति की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं समन्वित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला कलक्टर लोकबंधु ने जिले की प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि ग्रीष्मकाल को देखते हुए जिले में पेयजल की उपलब्धता मांग के अनुरूप बीसलपुर मुख्य स्रोत से सुनिश्चित की जा रही है। अतिरिक्त आवश्यकता की पूर्ति के लिए टैंकरों के माध्यम से आपूर्ति की प्रभावी व्यवस्था की गई है तथा कंटीजेंसी योजना से संबंधित सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि हैंडपम्प मरम्मत सहित अन्य पेयजल संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संपादित किया जा रहा है।
नियमित पेयजल आपूर्ति एवं अवैध कनेक्शनों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश
प्रभारी सचिव नीरज के पवन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल की आपूर्ति नियमित अंतराल पर सुनिश्चित की जाए तथा अवैध जल कनेक्शनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने विशेष रूप से टेल एंड क्षेत्रों में पर्याप्त जलदाब बनाए रखने के निर्देश दिए । इससे अंतिम छोर तक निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने निर्माण गतिविधियों में पेयजल के उपयोग पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि इसकी सतत निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
बैठक में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। प्रभारी सचिव ने स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
विद्युत आपूर्ति एवं तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
जिले में विद्युत आपूर्ति की समीक्षा करते हुए प्रभारी सचिव ने कहा कि ग्रीष्मकाल में विद्युत मांग बढ़ने के कारण ट्रिपिंग सहित अन्य तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विद्युत लाइनों के रखरखाव कार्य समयबद्ध करने एवं अधिक तापमान से आगजनी जैसी घटना नहीं जो इसके लिए प्रभावी रोकथाम एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने पेयजल सप्लाई से संबंधित विद्युत कनेक्शन आवेदनों को प्राथमिकता से स्वीकृत करने के निर्देश देते हुए कहा कि पेयजल व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
शहरी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की समीक्षा करते हुए उन्होंने ऐसे क्षेत्रों को चिन्हित करने के निर्देश दिए जहां वोल्टेज संबंधी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को शीघ्र भूमि आवंटन कर ट्रांसफार्मर स्थापित करने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विभिन्न विकास कार्यों के दौरान सड़क खुदाई करते समय भूमिगत विद्युत लाइनों एवं अन्य अधोसंरचनाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके लिए सभी विभाग पूर्व समन्वय स्थापित कर कार्य करें ।
हीट वेव प्रबंधन को लेकर चिकित्सा विभाग को सतर्क रहने के निर्देश
प्रभारी सचिव ने हीट वेव की स्थिति को देखते हुए चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को हीट स्ट्रोक के मामलों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, अस्पतालों में विशेष वार्ड स्थापित करने, कूलिंग उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था रखने तथा आमजन में जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।
बजट घोषणाओं की समयबद्ध क्रियान्विति सुनिश्चित करने के निर्देश
बैठक में वित्तीय वर्ष 2024-25, 2025-26 तथा 2026-27 की बजट घोषणाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रभारी सचिव ने कहा कि जिन कार्यों पर अभी तक कार्य आरंभ नहीं हुआ है। उनमें राज्य स्तर पर आवश्यक समन्वय स्थापित किया जाए तथा जिला स्तर पर कोई भी कार्यवाही लंबित नहीं रहे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूर्ण एवं शेष कार्यों की अद्यतन स्थिति नियमित रूप से अपडेट की जाए तथा शेष कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग कर समय पर पूर्ण कराया जाए।
अजमेर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को भूमि आवंटन संबंधी प्रकरणों 11 केवी जीएसएस सहित अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं में शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। वहीं वर्ष 2026-27 की बजट घोषणाओं के अंतर्गत भूमि आवंटन एवं अन्य आवश्यक प्रस्ताव समय पर राज्य सरकार को भेजना सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इसमें नगर निगम द्वारा विश्राम गृह के लिए भूमि चिन्हीकरण सहित अन्य लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। प्रभारी सचिव ने सभी विभागों को राज्य स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं एवं परियोजनाओं के क्रियान्वयन में गति लाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अजमेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त नित्या के., जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राम प्रकाश, अतिरिक्त जिला कलक्टर वंदना खोरवाल, उपायुक्त अनिल पूनिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ