विभागीय समन्वय बैठक आयोजित
फ्लैगशिप योजनाओं में प्रगति बढ़ाने के दिए निर्देश
वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान में जनभागीदारी के साथ आयोजित हो गतिविधियाँ - जिला कलक्टर
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिला कलक्टर लोक बन्धु की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय विभागीय समन्वय एवं समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में राज्य सरकार की फ्लैगशिप एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए विभागों को लक्ष्यानुरूप कार्यों में तेजी लाने, आमजन से जुड़े प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर ने कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान जनआंदोलन के रूप में संचालित किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को आवंटित गतिविधियों का दैनिक आयोजन सुनिश्चित करते हुए उसकी अद्यतन जानकारी एवं फोटोग्राफ राज्य स्तरीय पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले की प्रगति राज्य स्तर पर स्पष्ट रूप से परिलक्षित होनी चाहिए। इसके लिए प्रत्येक विभाग जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करे।
बैठक में अजमेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त ने जानकारी दी कि जिले की चिन्हित बावड़ियों के संरक्षण एवं संवर्धन कार्य किए जाएंगे तथा राजकीय महाविद्यालयों में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित होंगे। राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत प्रत्येक वार्ड में विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
नगर निगम द्वारा शहर एवं जिले के प्रमुख चौराहों पर स्थापित प्रतिमाओं, जल संरचनाओं एवं सार्वजनिक स्थलों की सफाई तथा दैनिक स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
जिला कलक्टर ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को विद्यालय स्तर पर जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण आधारित गतिविधियों की प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। इसके अंतर्गत निबंध, रंगोली, चित्रकला, कविता, लघुकथा, जल संरक्षण के नारे एवं पौधरोपण जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। राजीविका एवं महिला अधिकारिता विभाग को कलश यात्रा एवं प्रभात फेरी के माध्यम से जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए । जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को जल सेवा एवं जल संरक्षण आधारित कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। साथ ही सभी विभागों को स्वच्छता, पॉलीथिन उपयोग नहीं करने, कार्यालय परिसरों की साफ-सफाई एवं कार्यशालाओं के माध्यम से जनसंदेश प्रसारित करने के निर्देश दिए ।
जिला कलक्टर ने आगामी हरियालो राजस्थान कार्यक्रम के लिए भी विभागवार पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पौधरोपण कार्यों की रूपरेखा तैयार करने को कहा।
बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने रसद विभाग को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के लंबित प्रकरण में सत्यापन प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। ऊर्जा विभाग को कुसुम योजना के तीनों घटकों में लक्ष्य अनुसार आवेदन प्राप्त कर लाभान्वयन सुनिश्चित करने तथा आरडीएसएस, बाईफरकेशन एवं 11 केवी सेग्रीगेशन कार्यों में तेजी लाने को कहा ।
उन्होंने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को आयुष्मान भारत एवं पीएम-अभिम के अंतर्गत शेष उपस्वास्थ्य केन्द्रों एवं इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब के निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए । लाडो प्रोत्साहन योजना में समय पर डॉक्यूमेंटेशन कर राशि भुगतान सुनिश्चित करने तथा कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए गए।
कृषि एवं उद्यानिकी विभाग को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, फार्म पॉन्ड, शेडनेट एवं तारबंदी योजनाओं में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने तथा कृषकों को योजनाओं की जानकारी देकर अधिकाधिक लाभान्वित करने को कहा।
जिला कलक्टर ने ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर जल संरचना निर्माण एवं संरक्षण, अटल ज्ञान केन्द्र स्थापना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए ।शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों की उपस्थिति, निरीक्षण एवं अन्य निर्धारित मानकों में सुधार लाने के निर्देश दिए । प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य अनुसार सड़क निर्माण कार्य समयबद्ध पूर्ण कराने को कहा । नगर निगम को स्वच्छ भारत मिशन के तहत सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग व्यवस्था स्थापित करने, पिंक टॉयलेट निर्माण, स्वच्छता ऐप के माध्यम से शिकायत निस्तारण एवं पीएम स्वनिधि योजना में प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए ।
जिला कलक्टर ने बजट घोषणाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 की घोषणाओं से संबंधित कार्यों की अद्यतन स्थिति अधिकारी नियमित रूप से अपडेट करें तथा शेष कार्यों की मॉनिटरिंग कर उन्हें समय पर पूर्ण कराएं। इसी क्रम में वित्तीय वर्ष 2026-27 की घोषणाओं के लिए भूमि आवंटन एवं अन्य आवश्यक प्रस्ताव समय पर राज्य स्तर पर भेजना सुनिश्चित किया जाए।
संपर्क पोर्टल, मुख्यमंत्री कार्यालय एवं सीपीग्राम पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे 15 दिवस से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने औसत निस्तारण समय में कमी लाने तथा संतुष्टि प्रतिशत बढ़ाने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने को कहा।
बैठक में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। 21 जून को जिला, ब्लॉक एवं पंचायत स्तर तक योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए आयोजन स्थल, पूर्व अभ्यास, स्वच्छता व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, विभागीय सहभागिता, आमजन एवं विद्यार्थियों की भागीदारी तथा परिवहन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर अजमेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त नित्या के., जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामप्रकाश, अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेंद्र कुमार मीणा एवं वंदना खोरवाल, लोक सेवाओं की सहायक निदेशक विनीता स्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ