Ticker

6/recent/ticker-posts

अवैध गैस रिफिलिंग पर बड़ी कार्यवाही : रसद विभाग एवं पुलिस की संयुक्त दबिश

अवैध गैस रिफिलिंग पर बड़ी कार्यवाही : रसद विभाग एवं पुलिस की संयुक्त दबिश

अवैध गैस रिफिलिंग पर बड़ी कार्यवाही : रसद विभाग एवं पुलिस की संयुक्त दबिश

भारी मात्रा में सिलेंडर, वाहन एवं उपकरण जब्त

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिले के पीसांगन के ग्राम केसरपुरा में अवैध गैस रिफिलिंग की सूचना पर रसद विभाग, पुलिस एवं संबंधित विभागों की संयुक्त टीम द्वारा सुनियोजित कार्यवाही करते हुए बड़े पैमाने पर अवैध गतिविधि का खुलासा किया गया।

जिला रसद अधिकारी नीरज जैन ने बताया कि प्राप्त सूचना के आधार पर मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया। वहां घरेलू तथा व्यावसायिक गैस सिलेंडरों में अवैध रूप से रिफिलिंग की जा रही थी। यह कार्य बिना किसी वैध अनुज्ञा, सुरक्षा मानकों एवं नियमों की अवहेलना करते हुए किया जा रहा था। इससे क्षेत्र में किसी भी समय गंभीर दुर्घटना होने की संभावना बनी हुई थी।

उन्होंने बताया कि कार्यवाही के दौरान मौके से एक गैस टैंकर, दो पिकअप वाहन तथा एक लोडिंग टेंपो बरामद किए गए। इनका उपयोग अवैध गैस परिवहन एवं रिफिलिंग में किया जा रहा था। इसके साथ ही एक घरेलू एवं 115 कमर्शियल श्रेणी के गैस सिलेंडर, गैस भरने के लिए प्रयुक्त नोजल पाइप, टोटलाइजर मशीन, इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा, अन्य तकनीकी उपकरण तथा पेट्रोलियम पदार्थ जब्त किए गए। जब्त किए गए सिलेण्डर एवं उपकरणों को मैसर्स भास्कर इण्डेन गैस एजेन्सी आईओसीएल सराधना को सुर्पुदगी में दिया गया। जब्त किया गया गैस टैंकर को आईओसीएल प्लांट तबीजी को सुर्पुद किया गया।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि गैस टैंकर से सीधे सिलेंडरों में गैस भरकर उन्हें बाजार में खपाने की तैयारी की जा रही थी। इससे उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी हो रही थी। साथ ही जनसुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था। पुलिस द्वारा मौके पर उपस्थित दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इनसे अवैध गैस रिफिलिंग के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा रही है। पूछताछ में आरोपियों द्वारा लंबे समय से इस प्रकार का अवैध कार्य किए जाने के संकेत मिले हैं। प्रकरण में थाना मांगलियावास में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई है तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं द्रवित पेट्रोलियम गैस आपूर्ति एवं वितरण विनियमन आदेश 2000 के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर नियमानुसार कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

जिला रसद अधिकारी ने बताया कि अवैध गैस रिफिलिंग जैसी गतिविधियां अत्यंत खतरनाक हैं। इनसे आगजनी, विस्फोट एवं जनहानि की गंभीर आशंका रहती है। प्रशासन द्वारा जिले में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के विरुद्ध निरंतर सघन निगरानी रखी जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही जारी रहेगी। प्रवर्तन दल में प्रवर्तन अधिकारी रेनुका चतुर्वेदी, प्रवर्तन निरीक्षक राहुल वेदवाल एवं मुकेश बुगालिया, मांगलियावास थानाधिकारी दिनेश कुमार, जिला स्पेशल टीम से उप निरीक्षक सत्यवान सहित अन्य उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ