राज्य सरकार के दो वर्ष : उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने की प्रेस ब्रीफिंग, विकास रथों को दिखाई हरी झंडी
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में दो वर्षों में हुए ऐतिहासिक कार्य - उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। राज्य सरकार के कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रमों की श्रृंखला में शनिवार को उप मुख्यमंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री दिया कुमारी ने राज्य सरकार की गत दो वर्षों की उपलब्धियों को लेकर प्रेस ब्रीफिंग की। साथ ही अजमेर जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रचार प्रसार के लिए विकास रथों को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि इससे पूर्व किसी भी सरकार ने इस प्रकार जनता के समक्ष प्रतिवर्ष अपना रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करने की परंपरा नहीं निभाई। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार की घोषणाएं धरातल पर साकार हो रही हैं। उन्होंने बताया कि राम सेतु लिंक परियोजना के तहत 26 हजार करोड़ रुपए के कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं। वहीं यमुना नहर परियोजना की डीपीआर तैयार की जा रही है।
उन्होंने कहा कि राइजिंग राजस्थान इन्वेस्टमेंट समिट के अंतर्गत 35 लाख करोड़ रुपए के एमओयू किए गए हैं। इनमें से लगभग 25 प्रतिशत एमओयू पर ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है। बीते दो वर्षों में 22 नई नीतियां लॉन्च कर उन्हें धरातल पर लागू किया गया है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 दिसंबर को आयोजित प्रवासी राजस्थान दिवस के अवसर पर प्रवासियों को राज्य में निवेश के लिए प्रोत्साहित किया गया। राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए सतत कार्य कर रही है। पिछले दो वर्षों में 90 हजार युवाओं को रोजगार दिया गया है तथा एक लाख 50 हजार भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए पेपर लीक जैसे मामलों की जांच के लिए विशेष जांच दल का गठन किया गया है। बीते दो वर्षों में 296 परीक्षाएं आयोजित की गईं। इनमें एक भी परीक्षा में पेपर लीक की घटना नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए महिला थानों एवं एंटीरोमियो स्क्वायड का गठन किया गया है। एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार राज्य में अपराध दर में लगभग 90 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। इसमें महिलाओं एवं पिछड़े वर्गों से संबंधित अपराधों में भी उल्लेखनीय कमी आई है।
महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के अंतर्गत लगभग 9 लाख महिलाएं लाभान्वित हुई हैं तथा योजना की राशि बढ़ाकर 6 हजार 500 रुपए की गई है। राज्य में 10 लाख साइकिलें एवं 39 हजार स्कूटियां बालिकाओं को वितरित की गई हैं। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 19 लाख महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया है तथा 12 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाया गया है। मुख्यमंत्री अमृत आहार योजना के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को सप्ताह में पांच दिन गर्म दूध उपलब्ध कराया जा रहा है। राज्य में एक हजार नवीन आंगनबाड़ी केंद्र स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही पुराने केंद्रों की मरम्मत के लिए इस वर्ष 50 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। आंगनबाड़ी केंद्रों में 50 वर्षों में पहली बार व्यापक मरम्मत कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आजीविका संवर्धन के लिए 2 लाख स्वयं सहायता समूहों को लगभग 660 करोड़ रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई है। 20 हजार से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन वितरित किए गए हैं। अन्नपूर्णा रसोई में अनुदान राशि बढ़ाकर 22 रुपए प्रति थाली की गई है। दिव्यांग महिलाओं को प्रथम संतान पर 10 हजार रुपए की सहायता राशि दी जा रही है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पुष्कर कॉरिडोर को आइकॉनिक डेस्टिनेशन में शामिल करने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा। राज्य में बड़े आयोजनों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है। जयपुर में आईफा अवार्ड का सफल आयोजन हुआ। इसी प्रकार देवमाली गांव में फिल्म शूटिंग से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित हुए। पर्यटन, फिल्म, रिप्स-2024 सहित अन्य नीतियों को धरातल पर लागू किया गया है। राजस्थान पर्यटन विकास बोर्ड का गठन किया गया है। पर्यटन क्षेत्र के लिए 5 हजार करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य की विद्युत उत्पादन क्षमता 6 हजार 363 मेगावाट से बढ़कर 30 हजार 525 मेगावाट हो गई है। पीएम-कुसुम योजना के तहत 2 हजार मेगावाट क्षमता स्थापित की गई है। राज्य सरकार ने दो वर्षों में 27 हजार 238 करोड़ रुपए व्यय कर सड़कों का विकास किया है। वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत लगभग 18 करोड़ पौधे वितरित किए गए। किसान सम्मान निधि योजना के तहत 76 लाख किसानों को 10 हजार 400 करोड़ रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य, मा वाउचर एवं गोपाल क्रेडिट कार्ड योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। जलापूर्ति के लिए 3 हजार से अधिक नलकूप तथा 6 हजार से अधिक हैंडपंप स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिला, किसान, युवा एवं श्रमिक सहित प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में अजमेर निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। घोषणाएं धरातल पर मूर्त रूप ले रही हैं। आयुर्वेद चिकित्सालय का शनिवार को हुआ लोकार्पण इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। आईटी पार्क में तीन कंपनियों को भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं। एंट्री प्लाजा, स्टेडियम, लेपर्ड सफारी सहित अन्य परियोजनाओं के लिए विकास कार्य प्रगति पर हैं। म्यूजियम के लिए प्रभारी मंत्री द्वारा 5 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सड़कों एवं नालों के लिए सैकड़ों करोड़ रुपए के कार्य किए जा रहे हैं। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार ने चिकित्सा, शिक्षा, पेयजल, कृषि सहित सभी क्षेत्रों में दो वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति की है। मुख्यमंत्री द्वारा किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाकर 9 हजार रुपए की गई है। ईआरसीपी परियोजना से पेयजल एवं सिंचाई सुविधा बढ़ेगी। इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी।
विधायक अनीता भदेल ने कहा कि राज्य सरकार घोषणाओं के साथ लोकार्पण सुनिश्चित कर आमजन को समय पर लाभ पहुंचा रही है। वर्षों से लंबित ब्रिज एवं अंडरब्रिज कार्य पूर्ण किए गए हैं। जल निकासी एवं गंदे पानी की समस्या के समाधान के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 60 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत एक हजार 600 से अधिक आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं।
विकास रथों को दिखाई हरी झंडी
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि विकास रथ राज्य सरकार की उपलब्धियों एवं योजनाओं की जानकारी दूरस्थ गांवों एवं ढाणियों तक पहुंचाएंगे। उन्होंने रथों के संचालन की सघन मॉनिटरिंग करने एवं निर्धारित रूट के अनुसार संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सड़क सुरक्षा की दिलाई शपथ
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने परिवहन विभाग द्वारा निकाली गई सड़क सुरक्षा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई तथा हेलमेट वितरित किए गए।
इस अवसर पर देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाणा, नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लांबा, महापौर ब्रजलता हाडा, उपमहापौर नीरज जैन, देहात अध्यक्ष जीतमल प्रजापत, संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़, जिला कलक्टर लोक बन्धु, जिला पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा, सरिता गेना सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ