अजमेर के श्रीचंदानी ने किया डिग्रियों डिप्लोमाओं का अर्द्ध शतक
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। भारत के गिने चुने लाइफ लॉन्ग लरनर्स में शामिल अजमेर के सुरेश कुमार श्रीचंदानी ने हाल ही में 50 वीं डिग्री डिप्लोमा के रूप में इन्दिरा गांधी खुला विश्वविध्यालय से एम॰ए॰ लोक प्रशासन 63 प्रतिशत अंकों से उत्तीर्ण की है।
उल्लेखनीय है कि उनकी जैविक आयु सवा 63 वर्ष है जबकि 50 डिग्री डिप्लोमा ले लेने पर उनकी अवधि के अनुसार उनकी मानसिक आयु 85 वर्ष हो जाती है। दी ओरिएण्टल इंश्योरेंस कम्पनी से हिंदी अधिकारी पद से सेवानिवृत्त श्रीचंदानी ने 1985 में पहली स्नातक डिग्री लेने के बाद अटूट रूप से अध्ययन यात्रा जारी रखी है। उनके शिक्षार्जन में शामिल हैं – एम॰ए॰ (हिंदी, अंग्रेज़ी, अनुवाद अध्ययन, भाषाशास्त्र, समाजशास्त्र, दर्शनशास्त्र, राजनीतिशास्त्र, दूरस्थ शिक्षा, प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व शास्त्र, ग्रामीण विकास, गांधी एवं शान्ति अध्ययन, समाज कार्य और लोक प्रशासन) साथ ही अन्य व्यावसायिक डिग्रियां हैं – एम॰बी॰ए॰, एम॰एड॰, एल॰ एल॰ एम॰, एम॰ कॉम॰, एम॰ लिब॰, एम॰ जे॰ सी॰, बैचलर इन पब्लिक रिलेशन, एम॰ एस॰ सी॰ (योग), एम॰एस॰सी॰ (अनुप्रयोज्य मनोविज्ञान), साधारण बीमा में फैलो, जीवन बीमा में असोसिएट तथा संगीत मध्यमा।
इसके अलावा इन्हें जो स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त हैं, वे हैं – पत्रकारिता, अनुवाद, दूरस्थ शिक्षा, उच्चतर शिक्षा, कम्प्यूटर अनुप्रयोग, अन्तरराष्ट्रीय व्यापार संगठन, ग्रामीण विकास, विपणन प्रबन्धन, मानव संसाधन प्रबन्धन, वित्तीय प्रबन्धन, पर्यावरण प्रबन्धन, आपदा प्रबन्धन, योग, मनोवैज्ञानिक परामर्श, बौद्धिक सम्पदा अधिकार, गांधी एवं शान्ति अध्ययन, हिंदी सिंधी अनुवाद, एकीकृत विज्ञापन एवं संचार, श्रम विधि, नव मीडिया तथा शहरी विकास।

0 टिप्पणियाँ