जिले में रसोई गैस, पेट्रोल व डीजल की पर्याप्त उपलब्धता
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिला कलक्टर लोक बन्धु ने जिलेवासियों को आश्वस्त करते हुए बताया कि अजमेर जिले में रसोई गैस सिलेण्डरों के साथ-साथ पेट्रोल पम्पों पर पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूर्णतः सुचारू रूप से संचालित हो रही है।
उन्होंने बताया कि गैस एजेंसियों के माध्यम से घरेलू एवं वाणिज्यिक एलपीजी सिलेण्डरों की नियमित आपूर्ति की जा रही है। वर्तमान में जिले में घरेलू एलपीजी के 21 हजार 15 सिलेण्डर स्टॉक में उपलब्ध हैं। 9750 बुकिंग के मुकाबले 10 हजार 250 सिलेण्डरों का वितरण किया गया, जो लगभग 115 प्रतिशत आपूर्ति को दर्शाता है। यह स्थिति सामान्य मांग के अनुरूप है और जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता को सुनिश्चित करती है। जिले के 208 पेट्रोल पम्पों द्वारा पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा निर्बाध आपूर्ति की जा रही है। आमजन को किसी प्रकार की कमी या असुविधा का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
जिला रसद अधिकारी मोनिका जाखड़ द्वारा गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि वे नियमानुसार बुकिंग सुनिश्चित करें तथा पंजीकृत उपभोक्ताओं को ओटीपी आधारित प्रणाली के माध्यम से घरेलू गैस सिलेण्डरों की होम डिलीवरी करें। उन्होंने बताया कि कि जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। कालाबाजारी, अवैध भंडारण एवं घरेलू गैस के दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए प्रवर्तन दलों द्वारा सतत कार्रवाई जारी है। अब तक संपर्क पोर्टल पर दर्ज 14 हजार 435 प्रकरणों का सफल निस्तारण किया जा चुका है, वहीं नियंत्रण कक्ष एवं 181 हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का 24 घंटे के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

0 टिप्पणियाँ