Ticker

6/recent/ticker-posts

अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश

अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश

जिला स्तरीय टास्क फोर्स कमेटी की बैठक आयोजित

अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेन्द्र कुमार मीणा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसमें राष्ट्रीय तथा राज्य राजमार्गों पर से अतिक्रमण हटाने के निर्देश प्रदान किए गए।

अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेन्द्र कुमार मीणा ने कहा कि राजस्थान उच्च न्यायालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति गठित की गई है। इसके द्वारा जिले के राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों की सड़क सीमा के भीतर स्थित अवैध अतिक्रमणों को हटाने संबंधी कार्यवाही की समीक्षा की गई। बैठक में सदस्य सचिव सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार तंवर ने इस संबंध में की गई कार्यवाही से अवगत कराया।

उन्होंने कहा कि एनएचएआई जयपुर द्वारा 12 अतिक्रमण चिह्नित किए गए है। इनमें से 10 वाणिज्यिक संरचनाएं हटा दी गई है। एनएचएआई अजमेर द्वारा 13 अतिक्रमण चिह्नित किए गए थे। इनमें से 10 हटा दिए गए है। इसी प्रकार राष्ट्रीय एवं राज्यमार्गों के राइट ऑफ वे के भीतर भी अतिक्रमणों की पहचान कर रिपोर्ट बनाई गई है। इसके अनुसार सार्वजनिक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग खण्ड़ में 73 में से 14, एनएच 48 पर 49 में से 4, एनएच 448 एवं एनएच 48 पर 78 में से 23, किशनगढ़-अरांई-मालपुरा एसएच 7 पर 58 में से 58 अतिक्रमण हटाए गए है। इसी प्रकार किशनगढ-रतनगढ़ मेगा हाईवे पर भी 40 अतिक्रमण चिह्नित किए गए है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की संरचनाओं को हटाने के लिए नियमानुसार कार्यवाही की जाए। चिह्नित अतिक्रमणों को प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाए तथा इस कार्यवाही के दौरान आवश्यकतानुसार पुलिस जाब्ता उपलब्ध कराया जाए। साथ ही संबंधित हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए नियमानुसार एवं प्रभावी तरीके से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। संबंधित को नोटिस देकर हटाने की कार्यवाही की जाए।

इस अवसर पर सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता अशोक कुमार तंवर, सहायक अभियंता सहित परिवहन, नगर निगम, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, अजमेर विकास प्राधिकरण तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ