लायंस क्लब अजमेर आगाज़ का गठन, सेवा और नेतृत्व के नए युग का शुभारंभ
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। अंतरराष्ट्रीय सेवा संगठन लायंस क्लब्स इंटरनेशनल के अंतर्गत नए क्लब “लायंस क्लब अजमेर आगाज़” का गठन किया गया है। क्लब का उद्देश्य समाज सेवा, मानवीय मूल्यों, नेतृत्व विकास तथा जरूरतमंद वर्गों के उत्थान हेतु प्रभावी एवं सतत कार्य करना रहेगा।
डिस्ट्रिक चीफ मीडिया कॉर्डिनेटर लायन राजेंद्र गांधी ने बताया कि क्लब के गठन के साथ ही सदस्यों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में विभिन्न सेवा परियोजनाएं संचालित करने का संकल्प लिया।
नवनिर्वाचित चार्टर अध्यक्ष लायन अतुल कुमार विजयवर्गीय ने कहा कि सेवा केवल एक कार्य नहीं, बल्कि जीवन जीने का एक उद्देश्य है। लायंस क्लब अजमेर आगाज़ समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा की भावना पहुंचाने और जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए समर्पित रहेगा।
क्लब सचिव लायन निलेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि क्लब द्वारा शीघ्र ही स्वास्थ्य शिविर, वृक्षारोपण अभियान, छात्र सम्मान समारोह, रक्तदान शिविर एवं विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। क्लब समाज के जागरूक नागरिकों को भी सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास करेगा।
क्लब कोषाध्यक्ष लायन घेवरचंद नाहर ने कहा कि सेवा के क्षेत्र में पारदर्शिता, समर्पण और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए क्लब समाज के लिए एक प्रेरणास्रोत बनने का प्रयास करेगा।
इस अवसर पर क्लब के सभी सदस्यों ने “We Serve” के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए सेवा, सहयोग और मानवता के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
लायंस क्लब अजमेर आगाज़ का मानना है कि जब समाज के जागरूक और समर्पित लोग एक मंच पर आते हैं, तब सेवा के माध्यम से सकारात्मक परिवर्तन की नई संभावनाएं जन्म लेती हैं। इसी सोच के साथ क्लब अपनी सेवा यात्रा का शुभारंभ कर रहा है।

0 टिप्पणियाँ