Ticker

6/recent/ticker-posts

श्री कोटेश्वर महादेव मंदिर में एलईडी स्क्रीन पर हुआ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सोमनाथ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण

श्री कोटेश्वर महादेव मंदिर में एलईडी स्क्रीन पर हुआ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सोमनाथ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के उपलक्ष्य में अजमेर में भव्य धार्मिक आयोजन

श्री कोटेश्वर महादेव मंदिर में एलईडी स्क्रीन पर हुआ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सोमनाथ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। भारत की जनआस्था के केंद्र प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ मंदिर के पुनः निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व 2026” के अंतर्गत 11 जनवरी 2026 से 11 जनवरी 2027 तक वर्षभर विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में सोमवार को माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सोमनाथ मंदिर में संपन्न विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक एवं राष्ट्रीय शिखर कार्यक्रम का लाइव प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से राज्यभर में किया गया। राज्य के सभी 41 जिलों में प्रमुख शिवालयों पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। अजमेर जिले का मुख्य कार्यक्रम हाथीखेड़ा ग्राम स्थित श्री कोटेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित हुआ।

देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त  गिरीश कुमार बचानी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत भगवान शिव के मनमोहक श्रृंगार एवं दुग्धाभिषेक से हुई। प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं मंदिर समिति के सदस्यों ने सामूहिक रूप से अभिषेक एवं महाआरती कर विश्व शांति एवं जनकल्याण की कामना की।

कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन, देवस्थान विभाग एवं श्री कोटेश्वर महादेव मंदिर प्रन्यास के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा एवं पुष्पों से भव्य रूप से सजाया गया। मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रुद्राभिषेक एवं महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों ने भाग लिया। अनेक धार्मिक साधु-संतों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक वातावरण प्रदान किया।

महन्त श्याम चरण देवाचार्य ने सनातन संस्कृति के संरक्षण की दिशा में इस आयोजन को ऎतिहासिक एवं प्रेरणादायी पहल बताया। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर बारह ज्योतिर्लिंगों में प्रथम स्थान रखता है तथा यह चंद्रदेव के आराध्य देव के रूप में विशेष महत्व रखता है।

कोटेश्वर ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष देवी सिंह रावत, सदस्य अनिल कुमार जोशी एवं पुजारी विनोद कुमार शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक एवं आरती सम्पन्न कराई। मंदिर परिसर में विशेष पुष्प सज्जा एवं आकर्षक श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे।

कार्यक्रम में शहर अध्यक्ष रमेश सोनी, अतिरिक्त जिला कलक्टर वंदना खोरवाल, नगर निगम उपायुक्त अनिता चौधरी, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग की संयुक्त निदेशक श्रुति कीर्ति गुप्ता, मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा, पूर्व सरपंच लाल सिंह रावत, नगर निगम से अधिशाषी अभियंता किरण तंवर, कनिष्ठ अभियंता दीपिका दाधीच एवं मंदिर प्रन्यास अध्यक्ष देवीलाल सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ