जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित
विकास कार्यों की गति एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करें - चौधरी
विकसित भारत की पक्की नींव है विकसित भारत जीरामजी
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक मंगलवार को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री एवं अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी की अध्यक्षता में रीट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिले के विकास कार्यों, योजनाओं एवं बुनियादी ढांचे से जुड़े प्रकल्पों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला कलक्टर लोक बन्धु एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री राम प्रकाश ने 37 विभागों के विभिन्न बिन्दुओं में प्रगति की जानकारी दी।
सांसद चौधरी ने कहा कि विभागीय अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्रगति एवं पालना रिपोर्ट में अंकित स्थिति और वास्तविक धरातल पर स्थिति में कोई अंतर नहीं हो। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग एक सप्ताह के भीतर अद्यतन पालन रिपोर्ट प्रस्तुत करें। दिशा की बैठकें विकास कार्यों के मूल्यांकन, खामियों की पहचान एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। विकसित भारत जीरामजी एक जुलाई से आरम्भ हो रहा है। इससे विकसित भारत की पक्की नींव तैयार होगी। सांसद स्थानीय विधायक कोष के कार्यों को समय पर पूर्ण करें।
चौधरी ने कहा कि वर्षाकाल में शहर के विभिन्न कॉलोनियों में जलभराव से होने वाली समस्या की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी समाधान की योजना पर कार्य करें। आगामी 15 जुलाई तक गारन्टी अवधि की समस्त सड़कें ठीक होनी चाहिए। किशनगढ़ में हाईवे पर से जल निकासी की व्यवस्था ठीक करें। सिलोरा मालियों की बाड़ी, की सड़क तीन माह में पूरी होनी चाहिए।
उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को सर्विस रोड़ों की मरम्मत, बंद नालों की सफाई और सुरक्षा संबंधी कार्य तत्परता से करने को कहा। राजमार्गों पर अवैध रूप से वाहन खड़ा करने एवं जाम लगने के लिए जिम्मेदार कारकों पर नियमानुसार कार्यवाही होनी चाहिए। सर्विस सड़कों पर पार्किंग करने वाले वाहनों को लगातार हटाएं। चिड़िया बावड़ी के पास सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाए। राजमार्गो पर वाहन चलाते समय लेन सिस्टम का पालन किया जाना चाहिए। डूमाड़ा सड़क आगामी 10 दिन में ठीक होनी चाहिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री कृषि फसल बीमा योजना के अंतर्गत किसानों को समय पर मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि बीमा भुगतान में देरी होने पर किसान को हर्जाना देने का कानूनी प्रावधान किया गया है। यह भुगतान आगामी 10 दिवस में करवाएं। एमएसपी बढ़ोतरी और किसान हितों की रक्षा के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों पर उन्होंने जानकारी दी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रत्येक फसल में न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ा रहे है। इससे किसान आर्थिक रूप से मजबूत हो रहे है।
उन्होंने कहा कि समस्त किसानों की फार्मर रजिस्ट्री होनी चाहिए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को मिले। इससे वंचित किसानों से पटवारी सम्पर्क कर योजना का लाभ दिलवाएंगे। फॉर्म पौण्ड योजना के लिए अधिकतम व्यक्तियों के आवेदन कराएं। बीज मिनी किट वितरण बारिश से पहले हो जाने चाहिए। किसानों की आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है। गत वर्ष के मुकाबले लगभग 25 प्रतिशत अधिक उर्वरक प्राप्त हुआ है। आगामी एक पखवाड़े में सभी जगह उर्वरक उपलब्ध रहेंगे। किसानों को धरती एवं किसानी को बचाने के लिए जैविक एवं प्राकृतिक खेती को अपनाना चाहिए। जीवामृत जैसे जैविक उत्पाद भूमि की उर्वरा शक्ति को बढ़ाने में कारगर सिद्ध हो रहे हैै। इसी प्रकार नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी भी उपयोग किए जा सकते है।
उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग की राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, नरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, सांसद आदर्श ग्राम योजना, अमृत 2 सहित अन्य ग्रामीण विकास योजनाओं की भी समीक्षा की। सांसद ने कृषकों से भूमि परीक्षण करवाकर ही उर्वरकों के संतुलित उपयोग का आग्रह किया। उन्होंने अधिकारियों से डीएपी एवं यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों से कानून व्यवस्था में सतर्कता बरतने, महिलाओं के विरुद्ध अपराध, चैन स्नेचिंग और नशे के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आबकारी विभाग को शराब की अवैध दुकानों पर दंडात्मक कार्यवाही करने के लिए कहा। इसी प्रकार अवैध खनन पर भी लगातार कार्यवाही करें। क्षेत्र में जुए एवं सट्टे के दुष्प्रभाव को रोकने की भी आवश्यकता है।
उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को पेयजल सप्लाई नियमित रखने और जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बीसलपुर से प्राप्त पेयजल का समानुपातिक रूप से वितरण सुनिश्चित किया जाए। विभाग द्वारा टंकियों की सफाई करते समय स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी साथ रखना चाहिए।
उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, जननी सुरक्षा योजना, टीबी मुक्त भारत अभियान में प्रगति बढ़ाने, यज्ञ नारायण चिकित्सालय किशनगढ़ में रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति करने के सम्बन्ध में निर्देश दिए। बांदनवाड़ा से सरवाड़ प्रतिनियुक्ति पर लगे चिकित्सक द्वारा बांदनवाड़ा में जॉइन नहीं करने पर चिकित्सक पर कार्यवाही की जाए।
अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल ने कहा कि अजमेर दक्षिण एवं पुष्कर विधानसभा क्षेत्र के मध्य की मदार-नारेली सेक्टर रोड़ का तकमीना शीघ्र तैयार कर सड़क बनाई जाए। आनासागर के ऑवरफ्लो से होने वाले जलभराव को रोकने के लिए सरकार द्वारा 150 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। इसका उपयोग एस्केप चैनल के लिए ही होना चाहिए। केकड़ी विधायक श्री शत्रुघ्न गौतम ने किसान हित के बारे में चर्चा करते हुए समय पर खाद एवं बीजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात कही। किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा का मुआवजा समय पर मिलना चाहिए। मसूदा विधायक श्री विरेन्द्र सिंह कानावत ने नशे के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही करने की आवश्यकता बताई।
बैठक में देहात भाजपा अध्यक्ष जीतमल प्रजापत, अजमेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त नित्या के., प्रशिक्षु आईएएस अर्णव आनन्द गुप्ता, मण्डल वन अधिकारी पी. बालामुरगन, अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. अभिषेक गोयल एवं वन्दना खोरवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ सहित जिला परिषद सदस्य, प्रधान एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ