नांद गांव में 1.85 करोड़ की लागत से नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ
अजमेर। चिकित्सा एवं जनसम्पर्क मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि राजस्थान में चिकित्सा क्षेत्र में ऎतिहासिक विकास की शुरुआत हो चुकी है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में निरोगी राजस्थान अभियान पूरे प्रदेश के लिए स्वास्थ्य का नया आधार बनेगा। जनता क्लीनिक आमजन को उनके घर के पास ही उपचार उपलब्ध कराने के लिए एक नई क्रांति है। राजस्थान देश का पहला ऎसा राज्य बनने जा रहा है जो नागरिकों को राइट टू हैल्थ देगा।
चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने आज नांद गांव में 1.85 करोड़ की लागत से नवर्नमिति प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष वैभव गहलोत, खाद बीज नगिम के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राठौड़ सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उनके साथ उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने चुनाव से पूर्व जो वादे किए थे उन्हें जनघोषणा पत्र के रूप में पूरा किया जा रहा है। सरकार ने मात्र एक साल में जनघोषणा पत्र के 24 प्रतिशत वादे पूरे कर लिए हैं।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की पहल पर निरोगी राजस्थान अभियान शुरु किया गया है। लोगों को उनके घर के पास ही चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जनता क्लीनिक की शुरुआत की गई है। चिकित्सा मंत्री ने कहा कि राजस्थान देश का पहला राज्य है जो अपनी 7 करोड़ से अधिक आबादी को राइट टू हैल्थ यानि स्वास्थ्य का अधिकार देने जा रहा है। हमारी चिकित्सा खासकर निःशुल्क दवा व जांच योजना पूरे देश में अव्वल है।
उन्होंने कहा कि अजमेर में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए राज्य सरकार बड़ी धनराशि खर्च करने जा रही है। मेडिकल कॉलेज छात्रावास का नया भवन बनेगा। कॉलेज में पीजी व यूजी की सीटें बढ़ी हैं। डॉ. शर्मा ने कहा कि राज्य के 30 जिलों में मेडिकल कॉलेज हो गए हैं। शेष 3 जिलों में भी कॉलेज खोलने की योजना पर काम चल रहा है।
समारोह में राजस्थान क्रिकेट एसोएिशन के अध्यक्ष वैभव गहलोत ने कहा कि सरकार ने चिकित्सा सेवाओं अभूतपूर्व विस्तार किया है, चिकित्सा सेवाओंं को गांव -गांव ढाणी-ढाणी तक पहुंचाया है। गम्भीर बीमारियों में राहत पहुंचाने के लिए सरकार का लक्ष्य है। उसी अनुरूप गत एक वर्ष में अनेक घोषणाओं को पूरा किया गया है।
इस मौके पर राजस्थान बीज निगम के पूर्व अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह राठौड़ ने कहा कि सरकार ने निरोगी राजस्थान का अभियान का शुभारम्भ किया है। इस अभियान को जन आंदोलन बनाने के लिए सभी लोगों को जागरूक करें। उन्होंने बताया कि सरकार कैंसर, कीडनी, हार्ट जैसे गंभीर बीमारियों का भी निःशुल्क ईलाज कर लोगों को राहत प्रदान कर रही है। उन्होंने गांव की खेल प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ाने तथा उन्हें प्रोत्साहित किए जाने की जरूरत बतायी।
समारोह में पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री नसीम अख्तर ने कहा कि इस नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के लोकार्पण से बूढ़ा पुष्कर से गोविंदगढ़ तक के लोगों को चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि निःशुल्क दवा वितरण में भी प्रदेश प्रथम स्थान पर रहा है। जिससे लोगों को काफी राहत मिली है।
समारोह में चिकित्सा मंत्री ने प्रथम संस्था द्वारा प्रदत्त पांच बच्चों को लैपटॉप का भी वितरण किया। वहीं नांद गांव के श्री गोकुल शास्त्री द्वारा लिखित पुस्तक नन्दा सरस्वती का भी विमोचन किया।
आरम्भ में अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एस.जोधा ने बताया कि इस स्वास्थ्य केन्द्र पर 1.85 करोड़ रूपए की लागत आयी है। इसके बन जाने पर यहां प्रसूति, टीकारण, निःशुल्क दवा जांच जैसी सुविधाएं उपलब्ध होगी। इससे लगभग 30 हजार की आबादी लाभान्वित होगी।
अंत में नांद के सरपंच महेन्द्र सिंह ने आभार व्यक्त किया। समारोह में पूर्व विधायक डॉ. गोपाल बाहेती, राजकुमार जयपाल, जिला कलेक्टर विश्व मोहन शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
0 टिप्पणियाँ