विधानसभा अध्यक्ष के निर्देश पर नगर निगम बनवा रहा है शौचालय
व्यापारिक संगठनों ने जताया आभार, बोले हजारों महिलाओं को मिलेगी राहत
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। अजमेर के व्यस्ततम पुरानी मंडी और केसरगंज में खरीददारी के लिए आने वाली महिलाओं को शीघ्र ही बड़ी परेशानी से मुक्ति मिलेगी। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी के निर्देश पर इन बाजारों की सालों पुरानी समस्या का समाधान होने जा रहा है। इन बाजारों में महिला शौचालय बनेंगे। रोजाना हजारों महिलाओं को राहत मिलेगी।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सोमवार को पुरानी मंडी व केसरगंज में नगर निगम की भूमि पर महिला शौचालयों के निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर देवनानी ने कहा कि लम्बे समय से महिलाओं को बाजारों में टॉयलेट नहीं होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अजमेर के व्यस्ततम बाजारों में महिलाओंं के लिए अलग से टॉयलेट उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड रहा था। बाजार मेें खरीदारी के लिए आने वाली महिलाओंं को राहत देने के लिए पिछले दिनों स्थान चिन्हित कर निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए थे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि प्रत्येक वर्ग को राहत और सहूलियत मिले। इसके लिए बाजारों में महिला शौचालय बनाने की शुरूआत की गई है। अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में महिला शौचालय के लिए स्थान चिन्हित कर निर्माण कार्य शुरू करवाया जा रहा है। बाजारों में खरीददारी के लिए आने वाली महिलाओं को राहत मिलेगी। इन दोनों बाजारों के व्यापारिक संगठनों ने भी देवनानी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इसमें हजारों महिलाओं को रोजाना की परेशानी से राहत मिलेगी।
इस अवसर पर महापौर ब्रजलता हाड़ा, पार्षद अशोक मुद्रगल, संदीप गोयल, प्रकाश बंसल, योगेश शर्मा, किशन गुप्ता, डॉ. प्रेमसुख सुराना, आशीष शर्मा, कमल गंगवाल, पुनीत बसंल, गोपाल चौहान, सूरज जैन, गोविन्द प्रसाद शर्मा, विष्णु शर्मा, हरीश साहनी, बालेश गोहिल, जसपाल बेदी आदि उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ