आदर्श विद्या निकेतन को चार श्रेणियों में प्रांतीय सम्मान
शैक्षिक उत्कृष्टता, जनजाति शिक्षा एवं संस्कृति ज्ञान परीक्षा में उल्लेखनीय योगदान के लिए मिला सम्मान
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। विद्या भारती चित्तौड़ प्रान्त की ओर से आदर्श विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय, पुष्कर मार्ग, अजमेर को शैक्षिक एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए चार महत्वपूर्ण श्रेणियों में सम्मानित किया गया। ये सम्मान उदयपुर में आयोजित विद्या भारती चित्तौड़ प्रान्त के प्रांतीय प्रबंध समिति कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदान किए गए।
विद्यालय को कक्षा 12वीं कला वर्ग में उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम, कक्षा 10वीं में उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम, प्रान्त में जनजाति शिक्षा हेतु सर्वाधिक सेवानिधि समर्पण तथा संस्कृति ज्ञान परीक्षा में सर्वाधिक अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों को जोड़ने के लिए सम्मान प्राप्त हुआ।
समारोह में विद्या भारती के राष्ट्रीय मंत्री ब्रह्मा जी राव, प्रान्त अध्यक्ष ललित शारदा एवं प्रान्त मंत्री डॉ. सुरेन्द्र अरोड़ा द्वारा विद्यालय को ये सम्मान प्रदान किए गए।
आदर्श विद्या निकेतन की ओर से विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष प्रहलाद पारीक, सदस्य धर्मराज यादव एवं सौरभ डीडवानिया ने मंच से सम्मान ग्रहण किया।
विद्यालय को एक साथ चार श्रेणियों में प्राप्त इस सम्मान को विद्यालय परिवार ने गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। विद्यालय प्रबंध समिति एवं विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, आचार्यों के समर्पण, अभिभावकों के सहयोग तथा विद्या भारती की संस्कार आधारित एवं राष्ट्र केंद्रित शिक्षा व्यवस्था को दिया।
विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष प्रहलाद पारीक ने कहा कि ये सम्मान विद्यालय के लिए गौरव के साथ-साथ भविष्य में शिक्षा, संस्कार, सामाजिक सहभागिता एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों को और अधिक गति देने की प्रेरणा हैं। उन्होंने विद्यार्थियों, आचार्यों एवं अभिभावकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
उल्लेखनीय है कि आदर्श विद्या निकेतन द्वारा शैक्षिक उत्कृष्टता के साथ-साथ जनजाति शिक्षा के लिए सहयोग, संस्कृति ज्ञान परीक्षा के व्यापक प्रसार तथा विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों के विकास के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। चार प्रांतीय सम्मानों से विद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण है।

0 टिप्पणियाँ