Ticker

6/recent/ticker-posts

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने विभिन्न विकास कार्यों का किया शुभारंभ

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने विभिन्न विकास कार्यों का किया शुभारंभ

महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट एवं सड़क निर्माण कार्य की दी सौगात

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को विधानसभा उत्तर क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ करते हुए कहा कि अजमेर को एक सुंदर, आधुनिक और विरासत संवर्धित स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस क्रम में उन्होंने नया बाजार क्षेत्र में चूड़ी बाजार रोड पर महिलाओं की सुविधा के लिए निर्मित पिंक टॉयलेट का लोकार्पण किया। इसका निर्माण 21 लाख रुपए की लागत से किया गया है।

इस अवसर पर देवनानी ने कहा कि महिलाओं को खरीदारी के दौरान होने वाली असुविधा को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस कार्य का शिलान्यास करो, उसका लोकार्पण भी करो। उन्होंने बताया कि अजमेर में कैंसरगंज, पुरानी मंडी सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी पिंक टॉयलेट का निर्माण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए अजमेर के प्रवेश द्वार पर एक भव्य एंट्रेंस प्लाजा बनाया जाएगा। इसमें महापुरुषों की गाथाएं और पर्यटक स्थलों की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। साथ ही एलिवेटेड रोड पर जयपुर और अन्य मेट्रो शहरों की तर्ज पर आधुनिक लाइटिंग की जाएगी और एलिवेटेड सड़क के नीचे टू व्हीलर पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़े। इसके लिए आईटी पार्क विकसित किया जाएगा। इससे टेक्नोक्रेट्स को स्थानीय स्तर पर अवसर मिलेंगे। साथ ही अटल आवासीय योजना भी जल्द ही प्रारंभ की जाएगी। उन्होंने कहा कि अजमेर स्मार्ट और हेरिटेज वैल्यू से समृद्ध शहर बनेगा।

देवनानी ने कहा कि आगामी वर्षा में जल भराव की समस्या को ध्यान में रखते हुए आनासागर झील तीन फीट खाली की गई है। इससे मिट्टी गाद, कीचड़ सहित अन्य गंदगी जमा हो गई है। उन्होंने बताया कि आगामी शनिवार को श्रमदान कर झील की मिट्टी व कचरा हटाने का कार्य किया जाएगा। इसमें आमजन की भागीदारी आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि गांधी भवन का उन्नयन कर वहां बहुमंजिला लाइब्रेरी का निर्माण किया जाएगा। इसमें वरिष्ठ नागरिकों, स्कूली छात्रों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों और प्रोफेशनल्स के लिए अलग व्यवस्था होगी।

देवनानी ने कहा कि गुलामी के प्रतीकों को हटाकर ऎतिहासिक महापुरुषों के नाम पर स्थानों के नामकरण की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में क्रिश्चियनगंज का नाम कृष्ण नगर किया जाएगा और एलिवेटेड रोड पर रामसेतु नामक बोर्ड लगाए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान महापौर ब्रजलाता हाडा, उपमहापौर नीरज जैन, शहर अध्यक्ष रमेश सोनी, क्षेत्र के पार्षद अशोक मुद्गल, राजेंद्र गहलोत, के.के. त्रिपाठी, धर्मेंद्र परिहार, नीलम कुबेरा, विमला, संदीप गोयल, संजय गर्ग, पी.सी. वर्मा, रजनीकांत बिजावत, भगवान दस सोनी, नीरज गुप्ता, लोकेश कुबरा, जयप्रकाश सोनी, मोहन शर्मा, पार्षद राजू साहू सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


वार्ड 16 में सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ


वासुदेव देवनानी ने वार्ड संख्या 16 के चटाई मोहल्ला क्षेत्र में 44 लाख रुपए की लागत से सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र आर्थिक व सामाजिक रूप से कमजोर तबकों का है। इन्हें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि उत्तर विधानसभा क्षेत्र में करीब 50 करोड़ रुपए की लागत से सड़क निर्माण कार्य संचालित हैं और आगामी माह में 100 से अधिक सड़कों का शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि यदि उनके क्षेत्र में सड़क निर्माण की आवश्यकता हो तो सूचना दें। इससे उस पर कार्य किया जा सकेगा।

देवनानी ने अजमेर को सांस्कृतिक धरोहर से समृद्ध बताते हुए कहा कि शिक्षा, चिकित्सा और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में निरंतर कार्य हो रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा से पूर्व सभी सड़क निर्माण कार्य पूरे कर लिए जाएं और निर्माण की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी नहीं रहे।

उन्होंने कहा कि केसरगंज में भी पिंक टॉयलेट का निर्माण किया जाएगा तथा जल निकासी की समस्या को दूर करने के लिए नालों का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही जनता क्लीनिक स्थापित करने पर भी विचार किया जा रहा है।

इस अवसर पर पार्षद भारती श्रीवास्तव, राजू साहू, संदीप गोयल, जसपाल बेदी, प्रमोद जैन, सूरजमल, के.के. त्रिपाठी, किशन लाल, दुर्गाप्रसाद, राजेश श्रीवास्तव, दीपक घाचा, अनूप, मुकेश सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ