Ticker

6/recent/ticker-posts

दीपावली से पूर्व सुधारें शहर की समस्त क्षतिग्रस्त सड़कें : देवनानी

दीपावली से पूर्व सुधारें शहर की समस्त क्षतिग्रस्त सड़कें : देवनानी

विधानसभा अध्यक्ष ने दिए जिला कलक्टर, नगर निगम व एडीए को निर्देश

शहर में विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा

अजमेर (अजमेर मुस्कान) विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए है कि बारिश के कारण शहर मे क्षतिग्रस्त हुई समस्त सड़कों को दीपावली से पूर्व मरम्मत एवं नवीनीकरण करवाएं। दीपावली सबसे बड़ा त्यौहार है, इसमें शहर के लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसी तरह बजट घोषणाओं व शहर के विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं में भी तेज गति से काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने जिला कलक्टर लोक बन्धु एवं नगर निगम व एडीए के अधिकारियों के साथ शहर के हित से जुड़े विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा की। देवनानी ने जिला कलक्टर को निर्देश दिए कि बारिश के कारण अजमेर शहर में क्षतिग्रस्त हुई समस्त सड़कों की मरम्मत एवं नवीनीकरण दीपावली से पूर्व कर लिया जाए। दीपावली बड़ा त्यौहार है, ऎसे में शहर के लोगों को समय रहते राहत प्रदान की जाए। इसके लिए नगर निगम, अजमेर विकास प्राधिकरण एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर काम किया जाए। श्री देवनानी ने निर्देश दिए कि राज्य सरकार द्वारा की गई बजट घोषणाओं पर तेजी से अमल किया जाए ताकि समय से काम पूरा हो सके।

देवनानी ने वरूण सागर झील, चौरसियावास तालाब सौन्दर्यीकरण व जीर्णोद्धार के लिए डीपीआर, निविदा व अन्य कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर के एन्ट्री प्लाजा निर्माण के लिए अजमेर विकास प्राधिकरण अपनी कार्रवाई तेज करे। इसी तरह अजमेर में बनने वाले कन्वेंशन सेन्टर के लिए भूमि का चयन और अन्य औपचारिकताओं को जल्द पूरा किया जाए।

देवनानी ने निर्देश दिए कि शास्त्री नगर से सावित्री चौराहे तक सड़क चौड़ी करने के लिए अजमेर विाकस प्राधिकरण शीघ्र कार्य शुरू करे। इसी तरह पृथ्वीराज नगर के पास बनने वाले बहुउद्देशीय स्टेडियम के निर्माण की कार्रवाई भी तेज की जाए। बांडी नदी का विकास, अतिक्रमण के विरूद्ध कार्यवाही एवं विभिन्न सड़कों पर वृक्षारोपण आदि की कार्यवाही भी की जाए।

देवनानी ने नगर निगम को निर्देश दिए कि बजट घोषणा के क्रियान्वयन में सार्वजनिक पुस्तकालय के विकास की कार्यवाही की जाए। इस कार्य के लिए 6.4 करोड़ रूपए खर्च होने हैं। लाइब्रेरी का विस्तृत प्लान तैयार किया जाए। उन्होंने शहर की ड्रेनेज समस्या के निराकरण के लिए तैयार की गई डीपीआर की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में अजमेर के एन्ट्री पाइंट से अम्बेडकर सर्किल तक सड़क सौन्दर्यीकरण कराए जाने पर भी चर्चा की गई। देवनानी ने निर्देश दिए कि एलीवेटेड रोड के नामकरण के बाद रामसेतु का बोर्ड और सड़क की मरम्मत शीघ्र कराई जाए। इसी तरह विभिन्न मार्गों पर सीवरेज चैम्बर्स, नगर निगम के पास नया सभागार एवं अन्य कामों की भी समीक्षा की गई। बैठक में नगर निगम के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ