सांसद खेल महोत्सव राष्ट्रीय कार्यक्रम 2025 : जिला स्तरीय खेल महोत्सव मंगलवार से
चंद्रवरदाई नगर एवं पटेल खेल मैदानों पर प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन
शहर की हजारों खेल प्रतिभाएं अपने हुनर का करेंगी प्रदर्शन
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। सांसद खेल महोत्सव राष्ट्रीय कार्यक्रम- 2025 के तहत जिला स्तरीय खेल महोत्सव का अजमेर शहर में 23 से 25 दिसम्बर तक आयोजित किया जाएगा। सांसद खेल महोत्सव- 2025 के जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का चंद्रवरदाई नगर एवं पटेल खेल मैदानों पर 23 से 25 दिसम्बर को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। जिला कलक्टर लोकबंधु ने बताया कि इसके अंतर्गत चंद्रवरदाई नगर खेल मैदान में 23 एवं 24 दिसम्बर को क्रिकेट, वॉलीबॉल, हॉकी एवं खो-खो खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।
उन्होंने बताया कि इसी प्रकार पटेल खेल मैदान में 23 से 25 दिसम्बर तक बास्केटबॉल, कबड्डी, रस्साकसी, टेबल टेनिस, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, कुश्ती, कराटे एवं स्केटिंग खेलों का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में शहर की हजारों खेल प्रतिभाएं अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगी।
जिला कलक्टर लोकबंधु ने बताया कि सांसद खेल महोत्सव के सफल आयोजन के लिए पुलिस विभाग, नगर निगम, राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग, कॉलेज शिक्षा विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी है।

0 टिप्पणियाँ