ग्रामीण क्षेत्र की वंचित प्रतिभाओं के लिए बेहतरीन प्लेटफॉर्म है सांसद खेल महोत्सव - सुभाष चौधरी

ग्रामीण क्षेत्र की वंचित प्रतिभाओं के लिए बेहतरीन प्लेटफॉर्म है सांसद खेल महोत्सव - सुभाष चौधरी

अजमेर संसदीय क्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव 2025 के तहत किशनगढ़ विधानसभा के अराई ब्लॉक में आयोजित खेलकूद कार्यक्रम मेंसम्मिलित हुए भाजपा नेता सुभाष चौधरी, खिलाड़ियों और खेलप्रेमी आमजन का किया उत्सवर्धन

किशनगढ़ (अजमेर मुस्कान) । केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी के संसदीय क्षेत्र अजमेर में सांसद खेल महोत्सव 2025 के अन्तर्गत खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया और फिट इंडिया विजन से प्रेरित इस महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक दिशा देना, ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना और क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत करना है।

संसद के शीतकालीन सत्र के चलते केंद्रीय मंत्री एवं सांसद भागीरथ चौधरी इन कार्यक्रमों में प्रत्यक्ष रूप से शामिल नहीं हो सके, लेकिन उनके मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार सांसद खेल महोत्सव पूरे संसदीय क्षेत्र में सुनियोजित रूप से प्रारंभ किया गया है। उनके प्रतिनिधि के रूप में उनके पुत्र एवं स्थानीय भाजपा नेता सुभाष चौधरी ने किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अरांई ब्लॉक में गुरुवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अरांई में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेकर खिलाड़ियों, खेल संयोजकों एवं खेल प्रेमी आमजन का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता सुभाष चौधरी ने कहा कि खेलों से नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है तथा समाज में भाईचारा मजबूत होता है। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मानसिक विकास को भी सुदृढ़ बनाते हैं। स्वस्थ नागरिकों के बल पर ही कोई देश और प्रदेश प्रगति की ओर बढ़ता है। बेहतर फिटनेस और सकारात्मक जीवनशैली के लिए खेलों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है और सांसद खेल महोत्सव इस दिशा में एक बेहतरीन मंच प्रदान कर रहा है।

भाजपा नेता सुभाष चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का स्पष्ट विज़न है कि ग्रामीण क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी आगे बढ़ें, उन्हें उचित अवसर मिले और वे जिला, राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करें। सांसद खेल महोत्सव इसी सोच को साकार करने की दिशा में एक सार्थक और प्रभावी पहल है। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, संगठन कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी आमजन उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन को युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताते हुए इसकी सराहना की।

सांसद खेल महोत्सव 2025 के अंतर्गत आगामी दिनों में अजमेर संसदीय क्षेत्र के विभिन्न ब्लॉकों में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिसके बाद चयनित खिलाड़ियों की सहभागिता से जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह महोत्सव निश्चित रूप से स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।