Ticker

6/recent/ticker-posts

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने विभिन्न विकास कार्यों का किया शुभारम्भ

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने विभिन्न विकास कार्यों का किया शुभारम्भ

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने विभिन्न विकास कार्यों का किया शुभारम्भ

352 लाख रुपये के नाला निर्माण कार्य से पांच वार्डों में जलभराव व गंदगी की समस्या से मिलेगी स्थायी राहत


अजमेर (अजमेर मुस्कान)। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने रविवार को अजमेर शहर में विभिन्न विकास कार्यों का शुभारम्भ किया। उन्होंने महेश्वरी सेवा समिति भवन, रेम्बल रोड स्थित वार्ड संख्या 67 में कृष्णगंज क्षेत्र के अंतर्गत माहेश्वरी सेवा सदन मार्ग, श्याम मेडिकल स्टोर से रेम्बल रोड, सावित्री चौराहा से आयुर्वेद निदेशालय के सामने जाने वाले मार्ग तथा विश्व हिन्दू परिषद कार्यालय क्षेत्र में निर्मित सड़कों के उद्घाटन कार्यक्रम में भाग लिया।

इसके पश्चात विधानसभा अध्यक्ष ने नई सम्पर्क सड़क, बड़ी नागफणी गोपाल कुंड गौशाला क्षेत्र में गोपाल कुंड गौशाला से महावीर कॉलोनी, पुष्कर रोड तक प्रस्तावित नाला निर्माण कार्य का विधिवत शुभारम्भ किया। इस नाला निर्माण कार्य पर 351.20 लाख रुपये की लागत आएगी तथा इसकी कुल लंबाई लगभग 800 मीटर है।

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि इस नाले के निर्माण से वार्ड संख्या 5 सहित आसपास के लगभग पांच वार्डों में लंबे समय से चली आ रही जलभराव, गंदे पानी के बहाव एवं दुर्गंध की गंभीर समस्या से स्थायी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र पूर्व में जलभराव से अत्यधिक प्रभावित था, इससे स्थानीय नागरिकों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

उन्होंने बताया कि अजमेर उत्तर क्षेत्र में ही अब तक 100 करोड़ रुपये से अधिक की सड़कों एवं 60 करोड़ रुपये से अधिक के नालों के निर्माण कार्य स्वीकृत व प्रगतिरत हैं। वहीं संपूर्ण अजमेर जिले में बजट में स्वीकृत विभिन्न विभागों के माध्यम से लगभग 2 हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य संचालित किए जा रहे हैं। इससे शहर के आधारभूत ढांचे में ऎतिहासिक परिवर्तन हो रहा है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में निरंतर विस्तार किया जा रहा है। आमजन को बेहतर उपचार उपलब्ध हो। पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भी अनेक परियोजनाएं संचालित हैं। उन्होंने बताया कि बीसलपुर परियोजना से जल के लिए तीन नए जलाशयों का निर्माण प्रस्तावित है। वरुण सागर से अतिरिक्त पेयजल आपूर्ति के लिए नई पाइपलाइन परियोजना पर कार्य किया जा रहा है। इससे लगभग 2.5 एमएलडी अतिरिक्त जल उपलब्ध होगा।

उन्होंने कहा कि बढ़ती विद्युत मांग को देखते हुए हाथीभाटा में गैस आधारित जीएसएस का निर्माण किया जाएगा। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लेपर्ड सफारी, साइंस पार्क, तारागढ़ का विकास तथा अन्य पर्यटक स्थलों का सौंदयकरण किया जा रहा है। साथ ही विभिन्न राजकीय कार्यालयों का नवीनीकरण, नगर निगम, अजमेर विकास प्राधिकरण एवं राजस्व बोर्ड के भवनों का आधुनिकीकरण भी किया जा रहा है।

शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति बताते हुए उन्होंने कहा कि हाथीखेड़ा में सैनिक स्कूल की स्थापना एवं शैक्षणिक आधारभूत संरचना के विस्तार से युवाओं को नई दिशा मिल रही है। अजमेर में प्रवेश द्वार के रूप में सिंह द्वार विकसित किया जा रहा है। इससे शहर की पहचान और सौंदर्य में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि अजमेर को स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित शहर के रूप में राजस्थान के मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।

इस अवसर पर पार्षद अजय वर्मा, सुलतान सिंह, योगेश व्यास, रमेश चंद्र सेन, नलिनी शर्मा, राजेश शर्मा, अशोक राठी, राकेश डीडवानिया, विकास माथुर, हिमांशु माथुर, अजय नरूका सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ