Ticker

6/recent/ticker-posts

माध्यमिक शिक्षा बोर्ड : विशेष उड़नदस्तों के संयोजकों के साथ बैठक आयोजित

माध्यमिक शिक्षा बोर्ड : विशेष उड़नदस्तों के संयोजकों के साथ बैठक आयोजित

माध्यमिक शिक्षा बोर्ड : विशेष उड़नदस्तों के संयोजकों के साथ बैठक आयोजित

बोर्ड परीक्षाओं की पारदर्शिता व शुचिता सुनिश्चित हो - राठौड़

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं नकल-मुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बोर्ड के रीट कार्यालय में विशेष उड़नदस्तों के संयोजको के साथ बैठक आयोजित की गई। सचिव श्री गजेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि बैठक में प्रदेशभर के लगभग 56 विशेष उड़नदस्तों के संयोजकों ने भाग लिया। यह उड़नदस्ते 12 फरवरी से 11 मार्च तक सक्रिय रहकर समस्त राजस्थान के परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण करेंगे।

बोर्ड सचिव राठौड़ ने कहा कि बोर्ड परीक्षाएं एक विशाल शैक्षिक महायज्ञ हैं। इसमें प्रत्येक अधिकारी और कार्मिक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह परीक्षाएं पूर्ण गोपनीयता, पारदर्शिता एवं शुचिता के साथ सम्पन्न कराई जाती हैं। सभी उड़नदस्तों को अत्यन्त सावधानी, सजगता एवं जिम्मेदारी से कार्य करना होगा।

सचिव ने कहा कि उड़नदस्तों का मुख्य उद्देश्य नकल-विहीन, निष्पक्ष एवं अनुशासित परीक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी उड़नदस्ते अपने आवंटित कार्यक्षेत्र के समस्त परीक्षा केन्द्रों के निरीक्षण का रूटमैप इस प्रकार तैयार करें कि एक ही मार्ग पर स्थित सभी केन्द्रों का निरीक्षण हो सके तथा कोई भी केन्द्र छूटे नहीं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि उड़नदस्तों के निरीक्षण से संबंधित कोई भी गोपनीय जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा।

सचिव राठौड़ ने कहा कि प्रशिक्षण में दिए गए निर्देशों का फील्ड में पूरी गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान यदि कोई समस्या सामने आती है, जैसे सीसीटीवी का फंक्शनल न होना, अव्यवस्था या सुरक्षा में कमी, तो उसकी सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों एवं नियंत्रण कक्ष को दी जाए। जिला शिक्षा अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर निरीक्षण कार्य को प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि उड़नदस्ते संग्रहण केन्द्रों से उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण, परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण, थानों में प्रश्न पत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच सहित समस्त कार्य पूर्ण गोपनीयता के साथ संपादित करें। परीक्षा केन्द्रों पर यह सुनिश्चित किया जाए कि परीक्षार्थी के अतिरिक्त कोई भी अनधिकृत व्यक्ति उपस्थित नहीं रहे। साथ ही सभी वांछित रिपोर्ट एवं प्रविष्टियां समय पर निर्धारित प्रारूप में प्रेषित की जाएं। बोर्ड परीक्षाओं का जिला परीक्षा संचालन समिति द्वारा अभय कमाण्ड केन्द्र से सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी की जाएगी।

विशेषाधिकारी परीक्षा नीतू यादव ने कहा कि बोर्ड परीक्षाएं 12 फरवरी से प्रारम्भ होने जा रही हैं। इसमें विशेष उड़नदस्ते बोर्ड के प्रतिनिधि के रूप में प्रदेशभर में सतत निगरानी का कार्य करेंगे। उन्होंने एकल परीक्षा केन्द्रों, नोडल केन्द्रों तथा भीतरी क्षेत्रों के केन्द्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। प्रश्न पत्र वितरण व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों का रात्रिकालीन निरीक्षण भी सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने कहा कि संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील परीक्षा केन्द्रों का गहन निरीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाए। यदि कहीं प्रश्न पत्र या परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत विशेषाधिकारी परीक्षा, मुख्य नियंत्रक परीक्षा, निदेशक गोपनीय, जिला कलक्टर एवं अध्यक्ष जिला परीक्षा संचालन समिति को दी जाए।

बैठक में बताया गया कि परीक्षाओं के सुसंचालन के लिए बोर्ड कार्यालय में केन्द्रीय परीक्षा नियंत्रण कक्ष परीक्षा समाप्ति तक 24 घंटे कार्यरत रहेगा। नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर 0145-2632866, 2632867, 2632868 तथा ई-मेल आईडी ddexamfirst@gmail.com पर किसी भी आपात स्थिति में संपर्क किया जा सकता है।

वित्तीय सलाहकार कृष्णपाल सिंह ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की छवि के अनुरूप शुचिता-पूर्ण एवं पारदर्शी परीक्षा आयोजन हम सभी का सामूहिक दायित्व है। इस अवसर पर बोर्ड के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक राजीव चतुर्वेदी द्वारा किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ