Ticker

6/recent/ticker-posts

जिला कलक्टर ने विकास अधिकारियों के साथ ली समीक्षा बैठक

जिला कलक्टर ने विकास अधिकारियों के साथ ली समीक्षा बैठक

जिला कलक्टर ने विकास अधिकारियों के साथ ली समीक्षा बैठक

पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की ब्लॉकवार की समीक्षा

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिला कलक्टर लोकबंधु की अध्यक्षता में गुरुवार को जिले के समस्त विकास अधिकारियों के साथ वीसी के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग से जुड़ी सभी प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की ब्लॉकवार प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। 

जिला कलक्टर ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पालनहार योजना तथा यूडीआईडी कार्ड के वार्षिक सत्यापन कार्य को शत-प्रतिशत एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि सत्यापन के दौरान आ रही बायोमेट्रिक, अंगूठा छाप, मोबाइल नंबर सीडिंग जैसी तकनीकी समस्याओं से प्रभावित लाभार्थियों की पृथक सूची तैयार कर प्रस्तुत की जाए। साथ ही मृत एवं स्थानांतरित लाभार्थियों को भी सूची में शामिल किया जाए। 

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के प्राप्त एवं लंबित आवेदनों की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र परिवार को शीघ्र लाभ दिलाने के लिए प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। साथ ही उन्होंने ग्राम उत्थान शिविरों के दौरान शिविर से पूर्व ही लाभार्थियों का सत्यापन एवं आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कर उन्हें मौके पर ही योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने घुमंतू एवं अर्धघुमंतू समुदायों के लिए आयोजित सहायता शिविरों की समीक्षा करते हुए कहा कि इन शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री घुमंतू आवास योजना के लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने तथा शिविरों में प्राप्त राशन कार्ड, जनआधार, आधार, पहचान पत्र, मूल निवास प्रमाण-पत्र सहित अन्य दस्तावेजों से संबंधित आवेदनों को समयबद्ध एवं प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष के अंतर्गत ग्राम पंचायत भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक भवन एवं विद्यालय भवनों के मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों के टेंडर लंबित हैं, उन्हें तत्काल जारी किया जाए तथा जिनके कार्यादेश जारी हो चुके हैं उन्हें समयसीमा में पूरा कराया जाए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालय भवनों के दुरुस्तीकरण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए ।

बैठक में ग्रामों में जल सेवा आंकलन की भी समीक्षा की गई। इसमें पेयजल आपूर्ति की गुणवत्ता, उपलब्धता एवं नल-जल मित्रों की भूमिका पर चर्चा की गई। इसके साथ ही प्रत्येक ग्राम में अटल ज्ञान केंद्र, ओपन जिम सहित अन्य विभागीय योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने प्रथम चरण में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति पूर्ण होने पर संतोष व्यक्त किया तथा शेष सीसी जारी करने के निर्देश दिए। द्वितीय चरण की समयसीमा के अनुसार प्रगति सुनिश्चित करने और तृतीय चरण में प्री-सर्वे के दौरान पूर्व निर्मित संरचनाओं के पुनरुत्थान कार्यों को सम्मिलित कर निर्धारित लक्ष्य के अनुसार सर्वे पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही सभी ब्लॉकवार आवंटित कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कर जिओ-टैग करने के निर्देश दिए ।

बैठक में सांसद एवं विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत स्वीकृत एवं पूर्ण हुए कार्यों की पंचायत समिति वार समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि पूर्ण कार्यों की कार्य पूर्णता एवं उपयोगिता प्रमाण पत्र शीघ्र जारी की जाए तथा शेष कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराया जाए। उन्होंने समयसीमा से अधिक लंबित कार्यों को विशेष प्राथमिकता देने, तकनीकी स्वीकृतियों को शीघ्र जारी करने तथा सीसी ऑब्जेक्शन प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा । आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाए।

इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राम प्रकाश सहित जिले के समस्त विकास अधिकारी वीसी के माध्यम से बैठक में उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ