Ticker

6/recent/ticker-posts

जिला निष्पादन समिति की बैठक आयोजित

जिला निष्पादन समिति की बैठक आयोजित

जिला निष्पादन समिति की बैठक आयोजित

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिला कलक्टर लोकबंधु की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निष्पादन समिति एवं पीएम पोषण योजना की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित शिक्षा, छात्र कल्याण एवं स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुसार प्रभावी कार्य निष्पादन के निर्देश दिए गए।

बैठक में शाला दर्पण पोर्टल पर जिले की स्थिति की ब्लॉकवार समीक्षा करते हुए कम प्रगति वाले ब्लॉकों में शीघ्र सुधार लाने के निर्देश दिए गए। जिला कलक्टर ने बोर्ड परीक्षा परिणामों में प्रदर्शन सुधारने, विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने तथा नामांकन में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कार्मिकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति की नियमित मॉनिटरिंग शाला दर्पण के माध्यम से करने के निर्देश दिए।

उन्होंने पीएम श्री विद्यालयों की समीक्षा करते हुए जिले की रैंकिंग में सुधार लाने के लिए उपस्थिति, परिणाम, गृहकार्य, शौचालय, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े नवीन पैरामीटर्स पर प्रगति दर्ज कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों में डिजिटल लाइब्रेरी की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा खेल मैदानों पर हुए अतिक्रमण को तुरंत हटाने के निर्देश भी दिए।

जिला कलक्टर ने डीएमएफटी फंड के समुचित उपयोग, कक्षा-कक्ष निर्माण, शौचालयों की व्यवस्था, बालक एवं बालिकाओं के लिए पृथक शौचालयों तथा जर्जर भवनों की मरम्मत एवं पूर्णत: क्षतिग्रस्त भवनों को जमींदोज करने की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग समसा के अभियंताओं से कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने विद्यालय परिसरों एवं खेल मैदानों की भूमि आवश्यकता के अनुसार आवंटन के लिए राजस्व अधिकारियों से समन्वय कर साप्ताहिक बैठक में प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा । साथ ही विद्यालय परिसरों में किसी भी प्रकार के अस्थायी अतिक्रमण पाए जाने पर उपखंड अधिकारी एवं तहसीलदार के माध्यम से तुरंत हटाने के निर्देश दिए ।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए उन्होंने विभिन्न ब्लॉकों में आयोजित शिविरों में गंभीर रोगों से ग्रस्त बच्चों को स्क्रीनिंग के पश्चात उपचार के लिए रेफर करने एवं उपचार के बाद उनकी प्रगति की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए। साथ ही दिव्यांग बच्चों के प्रमाण पत्र बनाने के लिए विद्यालय स्तर पर शिविर आयोजित करने को कहा।

Iपालनहार योजना में सत्यापन एवं नवीनीकरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने अध्ययनरत प्रमाण पत्र जारी कर शत-प्रतिशत सत्यापन पूर्ण करने तथा ई-मित्र के माध्यम से सत्यापन कराने की प्रक्रिया की अभिभावकों को जानकारी देने के निर्देश दिए। लाडो प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत प्रथम कक्षा में अध्ययनरत बालिकाओं को तृतीय किश्त के रूप में राशि हस्तांतरण, प्राप्त आवेदनों एवं लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, गणवेश, वाउचर एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के लिए जनाधार प्रमाणीकरण कराने को कहा।

बैठक में आयरन और फोलिक एसिड टैबलेट वितरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए टैबलेट की पर्याप्त उपलब्धता एवं पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही एनीमिया मुक्त अभियान, गणवेश वितरण की डीबीटी, पीएम पोषण, एमडीएम, अतिक्रमण, बोर्ड परीक्षा, विद्यार्थी स्वास्थ्य जांच सहित विभिन्न योजनाओं की मासिक प्रगति की समीक्षा की गई।

उन्होंने कहा कि साप्ताहिक ब्लॉक स्तरीय निष्पादन बैठकों में भी इन सभी विषयों की मॉनिटरिंग उपखंड अधिकारी एवं बीसीईओ के माध्यम से की जाए। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र विद्यार्थी तक समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाए ।

बैठक में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी , जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक श्री गोविंद नारायण शर्मा, अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक, समस्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, चिकित्सा विभाग, साक्षरता विभाग, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान  सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ