विधानसभा अध्यक्ष ने वादा निभाया, 332.72 लाख की लागत से बनेगी बोराज तालाब की पाल
विधानसभा अध्यक्ष ने बोराज तालाब की क्षतिग्रस्त पाल के निर्माण एवं मरम्मत कार्य का किया शुभारम्भ
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को वरुण सागर रोड स्थित बोराज तालाब की क्षतिग्रस्त पाल के निर्माण एवं मरम्मत कार्य का विधिवत शुभारम्भ किया। इस कार्य पर कुल 332.72 लाख रुपये की लागत आएगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गत वर्ष हुई अतिवृष्टि के कारण बोराज तालाब की पाल क्षतिग्रस्त हो गई थी। इससे स्वास्तिक नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों से किए गए वादे के अनुरूप अब अजमेर विकास प्राधिकरण के माध्यम से इस पाल का पुनर्निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कराया जा रहा है। इससे आगामी मानसून में क्षेत्र में जलभराव या किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न नहीं होगी तथा तालाब की संरचना भी सुरक्षित और मजबूत बन सकेगी।
देवनानी ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा बजट में अजमेर के समग्र विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। इनमें सर्किट हाउस में बड़े कॉन्फ्रेंस हॉल, वीआईपी सूट सहित आवश्यक सुविधाओं के विकास के लिए लगभग 16 करोड़ रुपये, नगर निगम क्षेत्र के ग्राम हाथीखेड़ा-बोराज में पेयजल व्यवस्था के लिए 28 करोड़ रुपये, राजस्व मंडल के नवीन भवन के निर्माण के लिए 150 करोड़ रुपये, शहर के ड्रेनेज सिस्टम को सुदृढ़ करने के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये तथा जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 100 करोड़ रुपये की स्वीकृति शामिल है।
इसके साथ ही पुष्कर घाटी मार्ग के लगभग 6 किलोमीटर चौड़ीकरण, तारागढ़ किले को पर्यटन केन्द्र के रूप में विकसित करने के लिए लगभग 20 करोड़ रुपये की स्वीकृति, स्वामी विवेकानन्द स्मारक पर आध्यात्मिक केन्द्र की स्थापना, महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय में महर्षि दयानन्द सरस्वती पैनोरमा निर्माण तथा चामुण्डा माता मंदिर तक यात्री रोप-वे की डीपीआर तैयार कराने जैसे कार्य भी प्रस्तावित हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में अब तक 110 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़कों का निर्माण कराया जा चुका है और यह कार्य निरंतर जारी है। उन्होंने कहा कि सड़कों के साथ नालियों और नालों का समुचित निर्माण भी उतना ही आवश्यक है। इसके लिए क्षेत्र में लगभग 60 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न नालों के निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। चिकित्सा सेवाओं में सुधार का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में मरीजों की सहायता के लिए स्पीकर हेल्प डेस्क की शुरुआत की गई इससे अब तक लगभग 17 हजार मरीजों को लाभ मिल चुका है, वहीं अजमेर में मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए चरणबद्ध आर्थिक स्वीकृतियां भी प्रदान की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि कोटड़ा स्थित सैटेलाइट हॉस्पिटल का निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा यह चिकित्सालय वर्तमान में अस्थायी भवन में संचालित किया जा रहा है। पेयजल संकट के स्थायी समाधान के लिए योजनाबद्ध तरीके से तीन नए रिजर्वायर का निर्माण किया जाएगा तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हाथीभाटा क्षेत्र में गैस आधारित जीएसएस की स्थापना की जाएगी।
पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए देवनानी ने कहा कि शहर में साइंस पार्क, प्लैनेटेरियम, पर्यावरण पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए लेपर्ड सफारी तथा वरुण सागर के सौंदर्यीकरण के अंतर्गत वरुण देव की प्रतिमा स्थापना जैसे कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आईटी पार्क की स्थापना भी की जा चुकी है।
बोराज तालाब की पाल के पुनर्निर्माण कार्य के शुभारम्भ से उत्साहित नवकर नगर , स्वास्तिक नगर सहित आसपास के क्षेत्र के निवासियों ने विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर तारा सिंह, लाल सिंग , गुलाब सिंह , विक्रम सिंह , शमशेर सिंह , सुभाष जाटव, सूरज रावत , शंभू सिंह , नारायण सिंह, भीम सिंह, अनिल बंसल, हरि सिंह , शंकर सिंह रावत सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ