Ticker

6/recent/ticker-posts

विधानसभा अध्यक्ष ने अजमेर को गौरवशाली पहचान देने का दोहराया संकल्प

विधानसभा अध्यक्ष ने अजमेर को गौरवशाली पहचान देने का दोहराया संकल्प

विधानसभा अध्यक्ष ने अजमेर को गौरवशाली पहचान देने का दोहराया संकल्प

विद्यालय के नवीन नाम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय स्टेशन रोड का किया लोकार्पण

अजमेर (अजमेर मुस्कान)।  विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि अजमेर शहर को गुलामी के प्रतीक चिन्हों से मुक्त करा भारत के गौरवशाली इतिहास एवं सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का संकल्प उनके द्वारा लिया गया था और यह काम जारी है। इसके अंतर्गत शहर में विभिन्न स्थानों के नामों में परिवर्तन किया जा रहा है। इसी क्रम में विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने गुरुवार को राजकीय मोइनिया इस्लामिया उच्च माध्यमिक विद्यालय के परिवर्तित नाम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय स्टेशन रोड का लोकार्पण किया। 

उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत स्टेशन रोड स्थित एडवर्ड मेमोरियल का नाम बदलकर महर्षि दयानंद विश्रांति गृह करने से की गई। इसके पश्चात फॉयसागर झील का नाम परिवर्तन कर वरुण सागर किया गया। राजस्थान पर्यटन विकास निगम की होटल का नाम बदलकर अजयमेरू रखा गया। इससे आगंतुकों की संख्या में इजाफा हुआ। इसी क्रम में वीर शहीद अविनाश माहेश्वरी के नाम पर सड़क का नामकरण किया गया तथा नवीन एलिवेटेड रोड़ का नाम रामसेतु रखा गया।

देवनानी ने कहा कि पूर्व में इस विद्यालय का नाम भी गुलामी के प्रतीक से जुड़ा हुआ था। इसे अब सभी संप्रदायों की समावेशी भावना को ध्यान में रखते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय स्टेशन रोड किया गया है। यह विद्यालय शिक्षा विभाग की भूमि पर संचालित है और इसका नया नाम क्षेत्र की पहचान के अनुरूप रखा गया है।

उन्होंने अजमेर के समग्र विकास की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि तारागढ़ के विकास के लिए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा द्वारा 20 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इससे इस ऎतिहासिक स्थल को और अधिक रमणीय एवं आकर्षक बनाया जाएगा। साथ ही अजमेर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न पर्यटक स्थलों का विकास किया जा रहा है। इसमें पर्यावरणीय पर्यटन के अंतर्गत लेपर्ड सफारी का विकास तथा वरुण सागर का सौंदर्यीकरण भी शामिल है। अजमेर शहर एक श्रेष्ठ, विकसित और सुंदर नगर के रूप में उभरेगा।

उन्होंने कहा कि अजमेर में आयुर्वेद के क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयुर्वेद विश्वविद्यालय से संबंधित विधेयक पारित किया गया है। वर्तमान समय में आमजन का आयुर्वेद के प्रति रुझान बढ़ रहा है, इसी को ध्यान में रखते हुए रामनगर क्षेत्र में पंचकर्म केंद्र भी स्थापित किया जाएगा।

शिक्षा के क्षेत्र में विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यालयों में नए कक्षा-कक्षों का निर्माण कराया जा रहा है तथा विद्यार्थियों की अध्ययन सुविधा को ध्यान में रखते हुए गांधी भवन में बहुमंजिला लाइब्रेरी का निर्माण भी प्रस्तावित है। इसमें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए पृथक व्यवस्था भी होगी।

देवनानी ने कहा कि वर्तमान आईटी युग को ध्यान में रखते हुए स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए आईटी पार्क भी विकसित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त अजमेर में बड़े राष्ट्रीय पर्वों एवं अन्य आयोजनों के लिए वृहद स्टेडियम का निर्माण भी प्रस्तावित है। चिकित्सा क्षेत्र में मरीजों की सहायता के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। इनमें स्पीकर हेल्प डेस्क की सुविधा हजारों मरीज लाभान्वित हो चुके है।

इस अवसर पर शहर अध्यक्ष रमेश सोनी, पार्षद भारती श्रीवास्तव, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी गोविंद नारायण शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक दर्शना शर्मा, विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील चतुर्वेदी, व्यापारिक संघ के अध्यक्ष बालेश गोहिल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ