Ticker

6/recent/ticker-posts

राजस्व लक्ष्य प्राप्ति हेतु परिवहन विभाग की सख्त कार्यवाही, सैकड़ों वाहन जब्त

राजस्व लक्ष्य प्राप्ति हेतु परिवहन विभाग की सख्त कार्यवाही, सैकड़ों वाहन जब्त

राजस्व लक्ष्य प्राप्ति हेतु परिवहन विभाग की सख्त कार्यवाही, सैकड़ों वाहन जब्त

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। वित्तीय वर्ष 2026-27 के निर्धारित राजस्व लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए परिवहन विभाग द्वारा जिले में व्यापक स्तर पर सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत डिफॉल्टर, ओवरलोड एवं अन्य अवैध रूप से संचालित वाहनों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्यवाही की जा रही है। विभाग द्वारा चौबीसों घंटे उड़नदस्तों की तैनाती की गई है, जो विभिन्न मार्गों पर निगरानी रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर त्वरित कार्रवाई कर रहे हैं।

प्रादेशिक परिवहन अधिकारी श्रीमती सुमन भाटी ने बताया कि पिछले सात दिनों में अजमेर जिले में 500 से अधिक वाहनों को जब्त किया गया है। इन वाहनों से लगभग एक करोड़ रुपये की राशि जुर्माना एवं कर के रूप में वसूल की गई है। इसी प्रकार किशनगढ़ एवं केकड़ी क्षेत्रों में 300 से अधिक वाहनों को सीज कर लगभग 50 लाख रुपये की वसूली की गई है। यह कार्रवाई विभाग की सतत निगरानी एवं सख्त रुख का परिणाम है।

उन्होंने बताया कि भारी वाहनों के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 का कर जमा कराने की अंतिम तिथि 15 मार्च निर्धारित की गई थी। इसके पश्चात कर जमा नहीं कराने वाले वाहनों के विरुद्ध रात्रि 12 बजे के बाद से विशेष अभियान चलाकर धरपकड़ की जा रही है। ऎसे वाहन मालिकों से बकाया कर राशि के साथ 3 प्रतिशत पेनल्टी, चालान शुल्क तथा अन्य मोटर वाहन अपराधों पर 10 हजार रुपये तक का अतिरिक्त जुर्माना वसूल किया जा रहा है।

वरिष्ठ परिवहन अधिकारी स्वयं फील्ड में मौजूद रहकर उड़नदस्तों के साथ कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे हैं, जिससे अभियान की प्रभावशीलता और अधिक बढ़ गई है। विभाग की इस सख्ती का असर वाहन मालिकों पर भी स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है, और कार्रवाई से बचने के लिए कई वाहन स्वामी स्वेच्छा से अपना बकाया कर जमा करा रहे हैं।

परिवहन विभाग ने सभी वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे नियमानुसार अपने वाहनों का कर समय पर जमा कराएं एवं यातायात नियमों का पालन करें, ताकि अनावश्यक जुर्माने और कार्रवाई से बचा जा सके। विभाग द्वारा आगामी दिनों में इस प्रवर्तन अभियान को और अधिक सख्त एवं प्रभावी बनाया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ