विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने नौसर माता मंदिर में आयोजित महायज्ञ के द्वितीय दिवस पर महा आरती में लिया भाग
अजमेर (अजमेर मुस्कान) । विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शनिवार को पुष्कर घाटी स्थित श्री नौसर माता मंदिर में आयोजित श्री राजराजेश्वरी महालक्ष्मी यज्ञ में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत पूजा अर्चना कर महा आरती में सहभागिता की तथा प्रदेश की सुख समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा के प्रतीक हैं। ये समाज में सकारात्मक ऊर्जा, एकता और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं।
उन्होंने कहा कि महायज्ञ जैसे अनुष्ठान लोककल्याण की भावना से जुड़े होते हैं और इनसे प्रदेश में सुख, शांति एवं समृद्धि का वातावरण बनता है।
मंदिर परिसर में 23 से 26 अप्रैल तक आयोजित इस धार्मिक आयोजन में विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रम सम्पन्न हुए। यज्ञ के अंतर्गत कलश यात्रा, ब्राह्मण वरण, कलश स्थापना, भजन संध्या तथा महायज्ञ पूर्णाहुति जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए।
शनिवार को आयोजित महा आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। देवनानी ने इस अवसर पर उपस्थित संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ