अरावली पर्वतों के बीच रोड और होगी चौड़ी, 3.2 किमी सड़क के लिए 12 करोड़ मंजूर
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के प्रयास से स्वीकृति जारी
खरेकड़ी अजयसर मार्ग पर चौड़ी होगी सड़क, वरूण सागर की सीमा पर बनेगी सुरक्षा दीवार
पुष्कर जाने के लिए मिलेगी शानदार सुगम्य सड़क
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। अजमेर से पुष्कर जाने के लिए वरूण सागर होकर जाने वाली सड़क और चौड़ी, मजबूत व सुरक्षित होगी। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के प्रयासों से अजयसर खरेकड़ी की 3.2 किमी सड़क के चौड़ाईकरण, निर्माण व वरूण सागर पर सुरक्षा दीवार के लिए 12 करोड़ रूपए स्वीकृत किए गए हैं। जल्द काम शुरू होगा। इसके साथ ही आमजन को सुगम्य सुपथ मिलेगा।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बताया कि इस अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग के सुदृढ़ निर्माण के लिए राज्य सरकार द्वारा 12 करोड़ राशि स्वीकृत हुई है। इससे स्थानीय निवासियों एवं बाहर से आने वाले पर्यटकों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण वरूण सागर के किनारे एक अत्यंत मजबूत सुरक्षा दीवार बनेगी एवं मुख्य सड़क को भी काफी चौड़ी किया जाएगा। इससे वरूण सागर से पुष्कर तक का सम्पूर्ण मार्ग आमजन एवं दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह सुगम हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में सड़क अधोसंरचना के व्यापक विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यातायात व्यवस्था को अत्यधिक सुगम बनाने के लिए वरूण सागर से लक्की चौराहा तक पहले ही सड़क चौड़ाईकरण का एक बहुत ही महत्वपूर्ण काम स्वीकृत किया है। इसके समानांतर वरूण सागर से अजयसर तक भी आमजन की सुविधा के लिए एक बेहतरीन सड़क तेज गति से बन रही है।
उन्होंने बताया कि शहर के बुनियादी ढांचे को और अधिक मजबूत करने के लिए हाल ही में एडीए ने भी अपनी पूर्ण जिम्मेदारी निभाते हुए 3 नई सड़कों को अपनी आधिकारिक मंजूरी दी है। इनमें चामुण्डा चौराहा से वरुण सागर गेट तक, माकड़वाली रोड भैरूवाड़ा तिराहा से नागौर हाईवे तक तथा पृथ्वीराज नगर से रातीडांग-चौरसियावास होते हुए नौसर घाटी तक सड़कों के विकास कार्य शामिल हैं। इन तीनों परियोजनाओं पर लगभग 32 करोड़ 12 लाख रुपये की लागत आएगी।
उन्होंने बताया कि उत्तर क्षेत्र में सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के लिए सड़कों का बड़ा नेटवर्क तेजी से बिछ रहा है एवं यातायात के भारी दबाव को कम करने के लिए पुष्कर घाटी के विकल्प के रूप में वरूण सागर से पुष्कर मार्ग पूरी तरह तैयार होगा। इससे जाम से मुक्ति मिलेगी। इस नए मार्ग के पूर्ण रूप से बन जाने के पश्चात् यहाँ आने वाले सभी देशी और विदेशी सैलानी अरावली पर्वत श्रंखला के बीच एक अत्यंत प्राकृतिक, रोमांचक एवं सुखद सफर का भरपूर आनंद ले सकेंगे जो यहाँ के पर्यटन को काफी बढ़ावा देगा।
उन्होंने बताया कि स्थानीय निवासियों की सुविधा और बढ़ते यातायात को ध्यान में रखते हुए बीएसएनएल चौराहे से चामुंडा चौराहा एवं उससे आगे वरूण सागर तक भी मुख्य सड़क पूरी तरह से चौड़ी होगी जिससे ट्रैफिक जाम की पुरानी समस्या हमेशा के लिए समाप्त हो जाएगी। इन सभी बेहतरीन और दूरगामी सड़क विकास कार्यों से शहर में भविष्य में बनने वाली रिंग रोड़ की एक अत्यंत मजबूत नींव अभी से रखी जा रही है। इससे आने वाले समय में पूरे क्षेत्र की आर्थिक प्रगति को एक नई और तेज रफ्तार मिलेगी। मजबूत सड़क नेटवर्क से ही तेज होगा विकास एवं यातायात के पूरी तरह सुगम होने से स्थानीय व्यापार, पर्यटन एवं रोजगार के नए अवसर भी बड़े पैमाने पर विकसित होंगे। इससे आम जनता का जीवन स्तर सुधरेगा और समग्र रूप से अर्थव्यवस्था को एक नई मजबूती मिलेगी।

0 टिप्पणियाँ