बारिश में ना हो पाइप लाइनों में लीकेज, नियमित मॉनिटरिंग करें
जिले के 142 गांवों में जल अर्पण अभियान एक अगस्त से, पूरी तैयारी करें
जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक सम्पन्न
अजमेर (अजमेर मुस्कान)।जिला कलक्टर लोक बन्धु ने निर्देश दिए हैं कि जलदाय विभाग बारिश के दौरान जलापूर्ति की लाइनों में लीकेज की विशेष मॉनिटरिंग करें। लीकेज से गंदे पानी के कारण बीमारियां की आशंका हो सकती है, ऎसे में पूरे जिले में विशेष अलर्ट रखा जाए। इसी तरह जल जीवन मिशन के तहत गांवों में स्थापित की गई जल संरचनाओं को ग्रामीणों को सौंपने के लिए एक अगस्त से जल अर्पण अभियान शुरू किया जाना है। इसके तहत जिले में निर्धारित 142 गांवों में सभी तैयारियां इसी माह पूरी कर ली जाएं। इसके लिए उपखण्ड अधिकारी एवं विकास अधिकारियों से समन्वय कर कार्य किया जाए।
जिला कलक्टर लोक बन्धु ने शुक्रवार को जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में जिले में संचालित जल योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि बारिश के मौसम में जल आपूर्ति की विशेष निगरानी रखी जाए। लीकेज के कारण दूषित जल की सप्लाई से बीमारियां फैल सकती है। विभाग ध्यान रख कि कही पर भी लीकेज ना हो। लीकेज का पता लगते ही तुरंत सुधारा जाए। नियमित रूप से पेयजल नमूनों की जांच अनिवार्य रूप से होनी चाहिए। मुख्य पाईपलाईन से अवैध कनेक्शन लेने वालो के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए।
उन्होंने जिले में एक से 15 अगस्त तक संचालित किए जाने वाले जल अर्पण अभियान की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत गांवों में पूर्ण की गई जल प्रदाय योजना व संरचनाओं का क्रियान्वयन व देखरेख ग्राम पंचायतों को सौंपा जाना है। इस अभियान के जरिए गांवों में गठित ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों को जल वितरण, पाइपलाइनों के रखरखाव, और जल कर संग्रहण की विधिवत जिम्मेदारी दी जा रही है। इसके लिए जल अर्पण अभियान की पूरी तैयारी की जाए। विभाग 15 दिन तक ट्रायल आधार पर ग्रामीणों के साथ मिलकर योजनाओं का संचालन करे और उन्हीं गांवों को सौंपे। इसके लिए प्रभात फेरी व अन्य आयोजन किए जाएं।
उन्होंने कहा कि फोलोअप शिविरों के क्षेत्र के हैंडपम्प की पहले ही जांच करवा लें। आवश्यकता होने पर तत्काल मरम्मत करवाएं। जो हैण्डपम्प वर्षा जल से पुनः रिचार्ज होकर शुरू हो सकते हैं, उन्हें मिशन मोड पर ठीक करवाया जाए। हर घर जल अभियान की प्रगति बढाई जाए। जल जीवन मिशन के कार्यों में शत-प्रतिशत संतृप्त होते ही रिर्पोटिंग ऑनलाईन करें। राजकीय विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, हैल्थ सेन्टर एवं ग्राम पंचायतों तक जल्द ही कनेक्शन कर पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जल स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के चल रहे विभिन्न प्रोजेक्ट्स की प्रगति की समीक्षा एवं जल संबंधित विभिन्न समस्याओं पर बिन्दुवार चर्चा की गई। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर वंदना खोरवाल, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता रामचन्द्र राड, अधीक्षण अभियन्ता राजीव सुगोत्रा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ