Ticker

6/recent/ticker-posts

वर्षा ऋतु में गौवंश स्वास्थ्य सुरक्षा एवं कुशल प्रबंधन के लिए गोपालन निदेशालय ने जारी की एडवाइजरी

वर्षा ऋतु में गौवंश स्वास्थ्य सुरक्षा एवं कुशल प्रबंधन के लिए गोपालन निदेशालय ने जारी की एडवाइजरी

वर्षा ऋतु में गौवंश स्वास्थ्य सुरक्षा एवं कुशल प्रबंधन के लिए गोपालन निदेशालय ने जारी की एडवाइजरी

टीकाकरण, स्वच्छ पेयजल, सुरक्षित आवास और मृत पशु निस्तारण के मानकों की पालना सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

अजमेर (अजमेर मुस्कान)। मुख्यमंत्री  भजन लाल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित पशु रोग नियंत्रण की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में गोपालन निदेशालय द्वारा वर्षा ऋतु के दृष्टिगत प्रदेश भर की गौशालाओं एवं गौवंश के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए विशेष परामर्श जारी किया गया है।

इसमें वर्षा जनित मौसमी बीमारियों से गौवंश की सुरक्षा के लिए समय पर गलघोंटू एवं लंगड़ा बुखार का टीकाकरण अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त फुट रॉट (पशुओं के पैरों में सूजन व दर्द), थनैला रोग तथा आंतरिक व बाह्य परजीवी जनित रोगों से बचाव हेतु विशेष उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया है।

गौशाला प्रबंधन के संदर्भ में गोपालन निदेशालय ने गौशालाओं में गौवंश की आयु एवं स्वास्थ्य स्थिति के आधार पर पशुओं का वर्गीकरण करने के निर्देश दिए हैं। परिसर में नियमित साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल एवं वर्षा ऋतु के अनुकूल सुरक्षित आवास व्यवस्था अनिवार्य की गई है।

सुरक्षा और हादसों से बचाव के लिए गौशालाओं में एक स्थान पर अनावश्यक भीड़ नहीं होने देने तथा गौवंश को बिजली के खंभों से नहीं बांधने की हिदायत दी गई है। साथ ही मृत पशुओं को चारागाह या जल स्रोतों के समीप नहीं दफनाने तथा उनके निस्तारण हेतु निर्धारित वैज्ञानिक नियमों व मानकों का पालन करने के आदेश दिए गए हैं।

अतिरिक्त निदेशक डॉ. नवीन परिहार ने समस्त गौशाला संचालकों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही गौशालाओं का संचालन करें, जिससे वर्षा काल में होने वाली मौसमी बीमारियों से गौवंश को पूरी तरह सुरक्षित रखा जा सके। वहीं उपनिदेशक (पशुधन विकास) डॉ. श्रीकांत खोड़वे ने समस्त गौशाला प्रभारी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्राधिकार में स्थित गौशालाओं का नियमित एवं आकस्मिक निरीक्षण कर गौवंश के स्वास्थ्य की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ