अटल जन सेवा शिविर : जिला कलक्टर ने केकड़ी में की जनसुनवाई
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। अटल जन सेवा शिविरों के अन्तर्गत जिला कलक्टर लोक बन्धु ने केकड़ी में उपखण्ड स्तर पर जनसुनवाई कर आमजन की परिवेदनाओं को सुना। इनके निस्तारण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश प्रदान किए।
जिला कलक्टर लोक बन्धु ने केकड़ी में आयोजित अटल जन सेवा शिविर के अन्तर्गत जनसुनवाई की। स्थानीय निवासियों ने इसमें अपनी परिवेदनाएं रखी। इन परिवेदनाओं को धैयपूर्वक सुनकर अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ निस्तारित करने के निर्देश दिए। आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए अप्रेल माह के द्वितीय गुरुवार 9 अप्रेल को जिले के समस्त ब्लॉक स्तर पर अटल जन सेवा शिविर का आयोजन किया गया।
उन्होंने बताया कि उपखण्ड स्तर पर आयोजित होने वाली जनसुनवाई को अटल जन सेवा शिविर में समायोजित किया गया है। अजगरा में हैण्डपम्प मरम्मत करने की परिवेदना के सम्बन्ध मेंं क्षेत्र के समस्त हैण्डपम्पों की वस्तुस्थिति रिपोर्ट फील्ड ऑफिसर्स से लेने के निर्देश दिए गए। इसकी रिपोर्ट आगामी 7 दिन में तैयार की जाएगी। इनका सत्यापन स्थानीय पटवारी द्वारा किया जाएगा।
युवा सम्बल योजना की राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बघेरा के सम्बन्ध में प्राप्त शिकायत पर प्रकरण की जाँच करने के निर्देश दिए। युवा सम्बल योजना में लगे समस्त युवाओं का उपयोग सार्थक कार्यों में करने के लिए कहा। शिविर में मृत व्यक्तियों की सामाजिक सुरक्षा पेंशन बन्द करवाने के प्रकरण भी आए। सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त कर रहे व्यक्ति की मृत्यु होने पर मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होते ही पेंशन रोकने के लिए सूचित किया जाए इसके लिए प्रति माह जारी होने वाले मृत्यु प्रमाण पत्रों की सूची उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राम प्रकाश, अतिरिक्त जिला कलक्टर चन्द्र शेखर भण्डारी, उपखण्ड अधिकारी दिपांशु सांगवान सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ