समीक्षा बैठक का हुआ आयोजन, अधिकारियों को दिए कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। विभागीय योजनाओं, फ्लेगशिप योजनाओं एवं बजट घोषणाओं के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक का आयोजन जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु की अध्यक्षता में केकड़ी के अटल सेवा केन्द्र सभागार में गुरूवार को हुआ। इसमें विधायक शत्रुघ्न गौतम ने क्षेत्र की समस्याओं के संबंध में चर्चा की।
जिला कलक्टर लोक बन्धु के द्वारा बैठक में क्षेत्र के विकास से सम्बन्धित विकास योजनाओं, फ्लेगशिप योजनाओं एवं बजट घोषणाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही जनहित के विषयों पर भी विचार विमर्श हुआ। आगामी गर्मी के दौरान आमजन को पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता रहनी चाहिए। क्षेत्र के समस्त हैण्डपम्प कार्यशील रहे। इसके लिए आगामी 7 दिवस में कार्य योजना बनाकर कार्य किया जाए। समर कन्टेन्जेन्सी प्लान के स्वीकृत समस्त कार्य 30 अप्रेल तक पूर्ण हो जाने चाहिए। इसकी मॉनिटरिंग अतिरिक्त जिला कलक्टर चन्द्र शेखर भण्डारी द्वारा की जाएगी। उपखण्ड स्तर पर नियमित रूप से विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की जाए।
उन्होंने कहा कि सम्पर्क पोर्टल तथा नियंत्रण कक्ष पर पेयजल के सम्बन्ध में प्राप्त होने वाली शिकायतों का तत्काल निस्तारण करें। पेयजल परियोजना की पाइप लाईनें बिछाने से पूर्व अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें। पाइप लाईन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़कों की मरम्मत 7 दिवस में आवश्यक रूप से करनी चाहिए। विद्युत लाईनें भी सड़क सीमा के बाहर ही लगाई जानी चाहिए। समय सीमा के भीतर कार्य नहीं करने वाले संवेदकों पर कार्यवाही होनी चाहिए।
उन्होंने क्षेत्र से सम्बन्धित बजट घोषणाओं की समीक्षा के दौरान इनके कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। भूमि आवंटन एवं बजट स्वीकृति के पश्चात तुरन्त ही निविदा जारी कर कार्यादेश फर्म को दिए जाने चाहिए। कार्यादेश जारी होते ही कार्य आरम्भ कराएं। साथ ही प्रगतिरत कार्यों की गति बढ़ाकर शीघ्र पूर्ण कराने का प्रयास करें। पूर्ण हो चुके कार्यों की सूचना लोकार्पण के लिए सक्षम स्तर को भिजवाएं। क्षेत्र में संस्थागत प्रसव को बढ़ाने की आवश्यकता है। संस्थागत प्रसव निकटवर्ती चिकित्सा संस्थान में कराए जाने को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। केकड़ी में मिनी सचिवालय के लिए आवंटित भूमि पर से आगामी एक सप्ताह में अतिक्रमण हटाया जाए। इसी प्रकार चारागाह क्षेत्रों से भी अतिक्रमण हटाकर आगामी मानसून में पौधारोपण किया जाना चाहिए।
बैठक में उपस्थित विधायक शत्रुघ्न गौतम ने राजकीय जिला चिकित्सालय सहित क्षेत्र के समस्त चिकित्सा संस्थानों में रिक्त पदों पर प्रतिनियुक्ति के माध्यम से चिकित्साकर्मी तैनात किए जाने की आवश्यकता बताई। हरपुरा में सड़क कार्य अतिक्रमण हटाकर हो। लल्लाई एवं हरपुरा में आवश्यकता होने पर बाईपास भी बनाने से आमजन को सुविधा मिलेगी। क्षेत्र में स्थित विद्यालयों के कक्षा-कक्षों की मरम्मत विभिन्न कोषों के माध्यम से हो।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राम प्रकाश, अतिरिक्त जिला कलक्टर चन्द्र शेखर भण्डारी, उपखण्ड अधिकारी दिपांशु सांगवान सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ