जिला कलक्टर ने नियुक्त किए नोडल अधिकारी
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती 2026 के उपलक्ष्य में मंगलवार 14 अप्रैल को जयपुर के श्री भवानी निकेतन महाविद्यालय सीकर रोड़ पर आयोजित होने वाले भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने पुख्ता प्रबंध किए हैं।
जिला कलक्टर लोक बंधु ने इस विशाल आयोजन में अजमेर जिले से बड़ी संख्या में शामिल होने वाले लाभार्थियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर वन्दना खोरवाल को नोडल अधिकारी तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक जय प्रकाश को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जिला प्रशासन ने आयोजन से संबंधित किसी भी प्रकार की सहायता और सूचना के आदान-प्रदान के लिए जिला स्तर पर एक समर्पित कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसका दूरभाष नंबर 0145-2628932 है। जिला कलक्टर ने सभी उपखंड अधिकारियों और विकास अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लाभार्थियों के पंजीकरण और प्रस्थान की व्यक्तिगत निगरानी करें। इस संपूर्ण आयोजन का उद्देश्य डॉ. अम्बेडकर के संवैधानिक मूल्यों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना है।

0 टिप्पणियाँ